Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    AICTE की इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम 2026-27 के लिए आवेदन स्टार्ट, हर महीने इतना मिलेगा स्टाइपेंड

    Updated: Wed, 27 May 2026 03:29 PM (IST)

    एआईसीटीई की इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की लास्ट डेट 25 जून ...और पढ़ें

    इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू।

     इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम के लिए आवेदन शुरू।

    HighLights

    1. उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की एक पहल।

    2. 25 जून तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन।


    करियर डेस्क, नई दिल्ली। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने और शिक्षकों को व्यावहारिक औद्योगिक अनुभव प्रदान करने के लिए 'एआईसीटीई इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम (आईएफपी) 2026-27' की शुरुआत की है। यह पहल विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप तकनीकी शिक्षा को अधिक उद्योगोन्मुख और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रो. योगेश सिंह ने सदस्य सचिव प्रो. श्यामा रथ की उपस्थिति में किया।

    फेलोशिप प्रोग्राम का उद्देश्य

    इस अवसर पर प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश और नई तकनीकों के दौर में शिक्षकों के लिए उद्योगों के कार्य-व्यवहार को समझना अत्यंत आवश्यक है। एआईसीटीई इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम शिक्षा और उद्योग के बीच लंबे समय से मौजूद अंतर को कम करने की दिशा में एक अभिनव पहल है। इससे शिक्षकों को उद्योगों में प्रत्यक्ष कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी विषयगत समझ और व्यावहारिक दक्षता बढ़ेगी। यह कार्यक्रम नवाचार, रचनात्मकता और उद्योग-अकादमिक सहयोग को नई गति देगा तथा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    उद्योग आधारित शिक्षा

    प्रो. श्यामा रथ ने कहा कि यह कार्यक्रम शिक्षकों को प्रत्यक्ष औद्योगिक अनुभव प्रदान कर अकादमिक संस्थानों और उद्योगों के बीच दीर्घकालिक सहयोग को मजबूत करेगा। फेलोशिप के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव का लाभ अंततः विद्यार्थियों को अधिक व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित शिक्षा के रूप में मिलेगा। इसके साथ ही AICTE द्वारा दी जा रही वित्तीय सहायता शिक्षकों को इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगी।

    फेलोशिप की अवधि

    एआईसीटीई इंडस्ट्री फेलोशिप प्रोग्राम के अंतर्गत एआईसीटीई से अनुमोदित संस्थानों के शिक्षक एक वर्ष तक विभिन्न उद्योगों के साथ कार्य करेंगे। इस दौरान उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण, आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग, वर्तमान औद्योगिक प्रक्रियाओं तथा कौशल आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलेगा। इस अनुभव से शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार को बढ़ावा तथा विद्यार्थियों में उद्योगोन्मुख सीखने की प्रवृत्ति विकसित होने की उम्मीद है।

    खबरें और भी

    इतनी मिलेगी फेलोशिप

    यह फेलोशिप कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इंडस्ट्री 4.0, स्मार्ट मोबिलिटी, अंतरिक्ष एवं रक्षा, सस्टेनेबिलिटी, हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स, कम्युनिकेशन सिस्टम्स तथा एग्रोटेक जैसे उभरते और महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर करेगी। कार्यक्रम के तहत एआईसीटीई द्वारा चयनित शिक्षकों को प्रति माह 75,000 रुपये की फेलोशिप प्रदान की जाएगी, जबकि संबंधित उद्योग न्यूनतम 25,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड देंगे। फेलोशिप अवधि के दौरान शिक्षक के मूल संस्थान द्वारा वेतन एवं अन्य सुविधाएं पूर्ववत जारी रहेंगी। इस कार्यक्रम के लिए आवेदन 25 जून 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आमंत्रित किए जा रहे हैं तथा कार्यक्रम की शुरुआत 20 जुलाई 2026 से होगी।

    वर्ष 2026 के लिए इस पहल में कई प्रतिष्ठित उद्योगों ने सहयोग प्रदान किया है, जिनमें टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड, हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और वोल्वो शामिल हैं। इस बार उद्योगों द्वारा कुल 134 फेलोशिप अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

     

    यह भी पढ़ें: Sundar Pichai: AI को लेकर चिंता जायज, लेकिन छात्रों के पास नए अवसरों की होगी भरमार