पाकिस्तान की मलीर जेल से 22 भारतीय मछुआरे रिहा, वाघा बॉर्डर से लौटेंगे भारत
पाकिस्तान के कराची स्थित मलीर जेल से 22 भारतीय मछुआरे रिहा हो गए हैं। ईधी फाउंडेशन उनकी यात्रा का खर्च उठाएगा और उन्हें उपहार तथा नकदी प्रदान करेगा। सभी मछुआरे लाहौर के रास्ते वाघा सीमा से भारत लौटेंगे। पाकिस्तान में 266 भारतीय कैदी हैं वहीं भारत की जेलों में 462 पाकिस्तानी कैदी हैं। फैसल ईदी ने दोनों देशों से मछुआरों के प्रति नरमी दिखाने की अपील की है।

पीटीआई, इस्लामाबाद। पाकिस्तान में कराची के मलीर जेल से रिहा हुए 22 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तानी अधिकारी शनिवार को भारत को सौंप सकते हैं। मलीर जेल के अधीक्षक अरशद शाह ने एक्सप्रेस ट्रिब्यून को बताया कि अपनी सजा पूरी करने के बाद सभी मछुआरे शुक्रवार को जेल से रिहा हो गए।
ईधी फाउंडेशन के चेयरमैन फैसल ईदी ने मछुआरों को लाहौर तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। वहां से सभी भारत लौटेंगे। ईधी फाउंडेशन उनकी यात्रा का खर्च वहन करेगा और उन्हें उपहार एवं नकदी उपलब्ध कराएगा। फैसल ईधी ने दोनों देशों की सरकारों से अनजाने में सीमा पार करने वाले मछुआरों के प्रति नरम रुख अपनाने का आग्रह किया है।
फैसल ने लंबे समय तक जेल में बंद रहने वाले मछुआरों के परिवार की दुर्दशा को रेखांकित किया और सजा पूरी होने के बाद उन्हें तुरंत रिहा करने और स्वदेश भेजने का आग्रह किया।
भारत की जेलों में कुल 462 पाकिस्तानी
पाकिस्तानी अधिकारी वाघा सीमा से भारतीय मछुआरों को सौंपेंगे और आधिकारिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सभी को उनके घरों तक पहुंचाया जाएगा। एक जनवरी को दोनों देशों द्वारा एक दूसरे को सौंपी गई सूची के अनुसार, पाकिस्तान में 266 भारतीय कैदी (49 नागरिक और 217 मछुआरे) हैं। भारत की जेलों में कुल 462 पाकिस्तानी (381 नागरिक और 81 मछुआरे) हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।