Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इस साल जून तक उड़ानों में 352 तकनीकी खामियां आईं सामने, उड्डयन मंत्रालय ने राज्यसभा में दी जानकारी

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 11:49 PM (IST)

    सरकार ने बताया कि जून तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 352 तकनीकी खामियां सामने आईं, जिनमें अकासा एयर, एअर इंडिया एक्सप्रेस और इंडिगो की उड़ानें ...और पढ़ें

    इस साल जून तक उड़ानों में 352 तकनीकी खामियां आईं सामने। (फाइल)

    इस साल जून तक उड़ानों में 352 तकनीकी खामियां आईं सामने। (फाइल)

    HighLights

    1. जून तक 352 उड़ानों में बड़ी तकनीकी खामियां दर्ज की गईं।

    2. अकासा एयर, एअर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो में सर्वाधिक खामियां।

    3. डीजीसीए ने सुरक्षा उल्लंघनों पर विमानन कंपनियों को नोटिस दिए।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सरकार ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष जून तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन में 352 बड़ी तकनीकी खामियां सामने आई हैं।

    नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से राज्यसभा में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, कुल खामियों में से 334 घरेलू उड़ान संचालन से संबंधित थीं और शेष का संबंध अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से था। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक लिखित जवाब में यह आंकड़ा मुहैया कराया। हालांकि मंत्री ने तकनीकी खामियों के बारे में विस्तृत विवरण नहीं दिया।

    डेटा के अनुसार, 352 खामियों में से 152 का संबंध अकासा एयर, 53 का एअर इंडिया एक्सप्रेस और 47 का इंडिगो की उड़ानों से था। उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए ) ने जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच सुरक्षा उल्लंघनों को लेकर विमानन कंपनियों को 382 नोटिस जारी किए।

    मोहोल ने एक अन्य सवाल पर लिखित जवाब में बताया कि भारतीय हवाई अड्डों पर सालाना यात्रियों को संभालने की कुल क्षमता बढ़कर 58 करोड़ से ज्यादा हो गई है। हवाई अड्डों की क्षमता बढ़ाने और आधुनिकीकरण के लिए कई परियोजनाएं चलाई जा रही हैं।

    आगरा स्टेशन मास्टर पर हमले में निलंबित किए गए आरपीएफ कर्मी: वैष्णव

    रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा को बताया कि आगरा के एक स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों द्वारा स्टेशन मास्टर पर कथित तौर पर किए गए हमले के मामले में जांच के लिए अंतर-विभागीय समिति गठित की गई है। यह जवाब सपा सांसद रामजी लाल सुमन के उस सवाल पर था कि गत जुलाई में आगरा स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों ने एक रेलवे कर्मचारी पर हमला किया था। उस संबंध में अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

    खबरें और भी

    कैटरिंग कंपनियों पर 5.13 करोड़ रुपये लगाया गया जुर्माना

    रेल मंत्री ने राज्यसभा में बताया कि पिछले तीन वर्षों में ट्रेनों में खराब खाने और गंदी पैंट्री कारों को लेकर मिली कई शिकायतों की जांच के बाद सर्विस प्रोवाइडर्स पर 5.13 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।

    अश्विनी वैष्णव ने केरलम में रेल कोच फैक्ट्री के संबंध में पूछे गए एक अन्य सवाल पर कहा कि मौजूदा इकाइयां मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त हैं। 2012-13 के रेल बजट में केरलम के पलक्कड़ में रेल कोच फैक्ट्री को मंजूरी दी गई थी।