Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में अंबेडकर स्मारक बनाने पर केंद्र ने खर्च किए 122.87 करोड़ रुपये, केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने लोकसभा को दी जानकारी

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 11:55 PM (IST)

    केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा को बताया कि केंद्र सरकार ने 2018 में दिल्ली में अंबेडकर स्मारक पर 122.87 करोड़ रुपये खर्च किए। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. दिल्ली अंबेडकर स्मारक पर 122.87 करोड़ रुपये खर्च हुए।

    2. एएसआई को स्मारकों के संरक्षण हेतु 376.88 करोड़ आवंटित।

    3. इंडियन म्यूजियम ने आईआईटी-खड़गपुर से कलाकृतियों हेतु मिलाया हाथ।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि केंद्र सरकार ने 2018 में दिल्ली में अंबेडकर स्मारक बनाने पर 122.87 करोड़ रुपये खर्च किए।

    केंद्रीय संस्कृति मंत्री ने प्रश्न के उत्तर में कहा, संस्कृति मंत्रालय ने मूर्तियां और स्मारक नहीं बनाए हैं। उन्होंने आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्यूडी) के जरिये बनाई गई मूर्तियों और स्मारकों की जानकारी साझा की।

    साझा की गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली में अंबेडकर स्मारक बनाने पर 122.87 करोड़ रुपये, 2019 में गुजरात के दांडी में नेशनल दांडी मेमोरियल परिसर बनाने पर 59 करोड़ रुपये, 2017-18 में तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का स्मारक बनाने पर 41.34 करोड़ रुपये, 2024 में नई दिल्ली के जैसलमेर हाउस में बीआर. आंबेडकर की मूर्ति के लिए प्लेटफार्म बनाने पर 7.89 लाख रुपये, सुप्रीम कोर्ट परिसर में आंबेडकर की मूर्ति पर 14.56 लाख रुपये और दिल्ली के हौज खास में एनसीईआरटी परिसर में वेद व्यास की मूर्ति पर 1.95 लाख रुपये खर्च किए गए।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 13 अप्रैल, 2018 को दिल्ली में अलीपुर रोड पर, डा. अंबेडकर के महापरिनिर्वाण स्थल पर डा. अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक का उद्घाटन किया था। अन्य प्रश्न के उत्तर में मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 2025-26 में देशभर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) संरक्षित स्मारकों के संरक्षण और रखरखाव के लिए 376.88 करोड़ रुपये आवंटित किए है।

    मंत्री ने कहा कि एएसआई के अधिकार क्षेत्र में पूरे देश में "3,688 संरक्षित स्मारक और स्थल" हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ में सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर और भोरमदेव मंदिर शामिल हैं। ये सभी स्मारक अच्छी स्थिति में हैं। मंत्री ने कहा कि एएसआई में कुल 8,755 स्वीकृत पदों में से 3,073 पद खाली हैं।

    खबरें और भी

    कलाकृतियों के जीर्णोद्धार के लिए इंडियन म्यूजियम- आईआईटी-खड़गपुर ने मिलाया हाथ

    अन्य प्रश्न के उत्तर में संस्कृति मंत्री ने कहा कि कोलकाता के इंडियन म्यूज़ियम ने पुरातत्व से जुड़ी कलाकृतियों के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-आधारित जीर्णोद्धार के लिए आईआईटी-खड़गपुर के साथ हाथ मिलाया है। मंत्री ने यह भी कहा गया कि इंडियन म्यूज़ियम ने गूगल आर्ट एंड कल्चर के साथ मिलकर, डिजिटल माध्यमों से विरासत को बढ़ावा देने के लिए वर्चुअल प्रदर्शनी तैयार की है। गूगल आर्ट एंड कल्चर गूगल का सांस्कृतिक प्लेटफार्म है।

    इसके साथ ही एएसआई ने हंपी (कर्नाटक) और नालंदा (बिहार) में मौजूद म्यूज़ियम के लिए मोबाइल-बेस्ड एप लांच किए हैं। दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र ने अपनी शैक्षणिक और अभिलेखीय गतिविधियों के जरिये मिथिला कला, परंपराओं और पांडुलिपियों के विभिन्न पहलुओं का दस्तावेजीकरण, शोध, प्रकाशन और डिजिटल संरक्षण किया है।

    'म्यूजियम्स आफ इंडिया' पोर्टल के जरिये राष्ट्रीय डिजिटल रिपाजिटरी बनाई गई है, जहां आठ राष्ट्रीय स्तर के म्यूज़ियम, एएसआई के दो म्यूज़ियम और पुणे के डा. बाबासाहेब अंबेडकर म्यूजियम के डिजिटाइज़्ड कलेक्शन उपलब्ध हैं।

    (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)