Shubhanshu Shukla: 18 दिन का मिशन, 60 से अधिक प्रयोग और 20 आउटरीच सत्र, शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में क्या-क्या किया?
अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से अपनी ऐतिहासिक यात्रा के बाद भारत लौट आए हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया जहां लोगों ने तिरंगा लहराकर और ढोल बजाकर खुशी मनाई। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और दिल्ली की मुख्यमंत्री ने भी उनका स्वागत किया। शुक्ला ने पीएम मोदी से मिलने और राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने की उम्मीद जताई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला रविवार तड़के भारत लौट आए। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की उनकी ऐतिहासिक यात्रा का जश्न मनाने के लिए दिल्ली में हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लहराते और ढोल बजाते हुए उनका जोरदार स्वागत किया।
शुक्ला और उनके बैकअप अंतरिक्ष यात्री प्रशांत बालकृष्णन नायर का केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो चेयरमैन वी. नारायणन ने स्वागत किया। जितेंद्र सिंह की ओर से हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के बाद पोस्ट किए गए स्वागत संदेश के जवाब में शुक्ला ने एक्स पर लिखा, ''धन्यवाद सर। घर वापस आकर वाकई अच्छा लग रहा है।''
एयरपोर्ट पर मौजूद था परिवार
अंतरिक्ष उड़ान के लिए अमेरिका में लगभग एक वर्ष चले प्रशिक्षण के बाद स्वदेश लौटे शुक्ला का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर उनकी पत्नी कामना और बेटा कियाश भी मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों की ध्वनि के साथ शुक्ला का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर तिरंगा लहराते हुए बड़ी भीड़ जमा हुई थी।
सरकार ने शुक्ला की भारत वापसी के उपलक्ष्य में सोमवार को लोकसभा में 'अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री- 2047 तक विकसित भारत के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका' विषय पर एक विशेष चर्चा का प्रस्ताव रखा है।
पीएम मोदी से भी होगी मुलाकात
शुक्ला के सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने और अपने गृहनगर लखनऊ जाने की उम्मीद है। 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में भाग लेने के लिए उनके राजधानी लौटने की भी संभावना है।
15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे शुभांशु
शुभांशु शुक्ला एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को फ्लोरिडा से रवाना हुआ था और 26 जून को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचा था। वह 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौट आए थे। तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों- पैगी व्हिटसन (अमेरिका), स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की (पोलैंड) और टिबोर कापू (हंगरी) के साथ शुक्ला ने 18 दिनों के मिशन के दौरान 60 से अधिक प्रयोग किए और 20 आउटरीच सत्र आयोजित किए।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें: अंतरिक्ष में परचम लहराकर भारत लौटेगा 'मां भारती का लाल' शुभांशु शुक्ला, PM मोदी से इस दिन होगी मुलाकात
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।