Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अनिल अंबानी की कंपनियों के दो पूर्व सीईओ गिरफ्तार, 7623 करोड़ रुपये बैंक धोखाधड़ी का आरोप

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 11:09 PM (IST)

    सीबीआई ने अनिल अंबानी की कंपनियों रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस होम फाइनेंस के दो पूर्व सीईओ को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सार्वजनिक क्षेत्र ...और पढ़ें

    अनिल अंबानी की कंपनियों के दो पूर्व सीईओ गिरफ्तार।

    अनिल अंबानी की कंपनियों के दो पूर्व सीईओ गिरफ्तार।

    HighLights

    1. सीबीआई ने अनिल अंबानी की दो कंपनियों के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार किया।

    2. सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से 7,623 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप।

    3. गिरफ्तारियां रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस और रिलायंस होम फाइनेंस से संबंधित।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सीबीआई ने सोमवार को अनिल अंबानी की कंपनियों रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के पूर्व सीईओ को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों से 7,623 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी से संबंधित अलग-अलग मामले में हुई है।

    अधिकारियों के अनुसार, सीबीआई ने आरसीएफएल के पूर्व निदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) देवांग मोदी और आरएचएफएल के पूर्व कार्यकारी निदेशक व सीईओ रवींद्र सुधालकर को गिरफ्तार किया।

    सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "आरसीएफएल मामले में आरोपियों ने सार्वजनिक क्षेत्र के 13 बैंकों से 4,097 करोड़ रुपये, जबकि आरएचएफएल मामले में आरोपितों ने सार्वजनिक क्षेत्र के 10 बैंकों के साथ 3,526 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की।"

    बयान के अनुसार, सीबीआई की जांच से पता चला है कि अप्रैल 2017 से दिसंबर 2018 तक आरसीएफएल के सीईओ रहे मोदी कंपनी में प्रबंधन के मामलों में एक प्रमुख निर्णयकर्ता थे। जबकि सुधालकर ने एक अक्टूबर 2016 से 31 मार्च 2022 तक आरएचएफएल के कार्यकारी निदेशक और सीईओ के रूप में कार्य किया।

    सीबीआई ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने आरसीएफएल और आरएचएफएल के लिए कर्ज ली गई राशि को रिलायंस एडीए ग्रुप की कंपनियों रिलायंस कैपिटल लिमिटेड, रिलायंस इन्फ्रास्ट्रक्चर और रिलायंस पावर लिमिटेड को ट्रांसफर कर दिया। इससे कर्ज देने वाले बैंकों को 7,623 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

    खबरें और भी

    सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, आरएचएफएल, आरसीएफएल और रिलायंस टेलीकाम लिमिटेड के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) से प्राप्त शिकायतों के आधार पर सात प्राथमिकी दर्ज की है। सीबीआई ने रिलायंस एडीए ग्रुप से संबंधित मामलों में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।


    (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)