सोना तस्करी मामले में बढ़ा सियासी विवाद, भाजपा ने कहा- दो मंत्री शामिल; कांग्रेस ने दी नाम बताने की चुनौती
तीन मार्च को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव को सोने के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में अब सियासत भी तेज हो गई है। कर्नाटक भाजपा ने कांग्रेस सरकार के दो मंत्रियों के तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया। उधर कांग्रेस ने भाजपा को मंत्रियों के नामों को सार्वजनिक करने की चुनौती दी है।

आईएएनएस, बेंगलुरु। कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से जुड़े सोना तस्करी मामले में दो वर्तमान मंत्रियों की कथित संलिप्तता को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सोमवार को भी टकराव जारी रहा। भाजपा ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर सोना तस्करी मामले में शामिल होने का आरोप लगाया। वहीं कर्नाटक कांग्रेस ने उसे दोनों मंत्रियों के नाम उजागर करने की चुनौती दी है।
दो मंत्रियों के शामिल होने की जानकारी: भाजपा विधायक
भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने दावा किया कि उनके पास दो मंत्रियों की संलिप्तता के बारे में सारी जानकारी है। यतनाल ने रविवार को कहा कि जो भी रान्या राव से जुड़ा है और जिसने भी उसे सुरक्षा प्रदान की है, मैं सदन में सब कुछ उजागर करूंगा। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए रान्या राव पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।
सरकार को स्पष्टीकरण जारी कर देना चाहिए
सोमवार को बेंगलुरु के विधान सौध में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा कि दो मंत्रियों के शामिल होने की बातें जोर पकड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अब तक स्पष्टीकरण जारी कर देना चाहिए था। जिस तरह से इस मामले को संभाला जा रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार इसमें शामिल है। उन्होंने कहा कि मैं विधायक यतनाल से उनके पास मौजूद जानकारी के बारे में बात करूंगा। मुझे अभी विस्तृत जानकारी नहीं है।
एमबी पाटिल ने दी चुनौती
उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुनौती दी, "यदि विधायक यतनाल या भाजपा नेताओं में हिम्मत है, तो वे उन मंत्रियों के नाम बताएं, जिनके बारे में उनका दावा है। हवा में बेबुनियाद आरोप लगाना बंद करो। उन्हें आज विधानसभा में नामों को उजागर करना चाहिए।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।