12 वर्षों में फाल्टा एसईजेड की बड़ी छलांग, निर्यात आठ गुना बढ़कर 85 हजार करोड़ के पार
केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन संचालित फाल्टा स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) ने पिछले 12 वर्षों में निर्यात, निवेश और रोजगार के क्ष ...और पढ़ें

2014-15 के मुकाबले एसईजेड के निर्यात में आठ गुना की वृद्धि (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
2014-15 के मुकाबले एसईजेड के निर्यात में आठ गुना की वृद्धि
बंगाल, ओडिशा, सिक्किम सहित पूर्वोत्तर राज्यों को कवर करता है फाल्टा एसइजेड
जागरण संवाददाता, कोलकाता। केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन संचालित फाल्टा स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) ने पिछले 12 वर्षों में निर्यात, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने का दावा किया है।
बुधवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में फाल्टा एसईजेड के विकास आयुक्त दीन बंधु सिंह ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एसइजेड का कुल निर्यात बढ़कर 85,093 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो वर्ष 2014-15 के मुकाबले लगभग आठ गुना अधिक है।
उन्होंने बताया कि इसी अवधि में रोजगार के अवसर 49,879 से बढ़कर 1,23,829 हो गए, जबकि निवेश 15,563 करोड़ रुपये से बढ़कर 45,331 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
माल निर्यात 2,592 करोड़ रुपये से बढ़कर 53,439 करोड़ रुपये और सेवा निर्यात 7,877 करोड़ रुपये से बढ़कर 31,654 करोड़ रुपये हो गया है।
इंजीनियरिंग, वस्त्र, रसायन, चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्न एवं आभूषण तथा आईटी-आईटीइएस जैसे क्षेत्रों ने इस विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
फाल्टा एसइजेड के अधिकार क्षेत्र में ओडिशा में सेमीकंडक्टर विनिर्माण के लिए एक नए एसईजेड को भी मंजूरी मिली है, जिससे वर्ष 2030 तक 1,250 करोड़ रुपये के निर्यात और 250 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में फाल्टा एसईजेड में 55 स्वीकृत इकाइयां हैं, जिनमें से 42 संचालित हैं। बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों को कवर करने वाला यह एसईजेड पूर्वी भारत में निर्यात आधारित आर्थिक विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।