गौरव गोगोई पर पाकिस्तान कनेक्शन का आरोप, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा: सरमा
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने गौरव गोगोई पर पाकिस्तान कनेक्शन का गंभीर आरोप लगाया है, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया। उन्होंने गोगोई औ ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने असम में कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई पर लगाए आरोप (फोटो-पीटीआई)
गुवाहाटी, जागरण। असम विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने लोकसभा में उपनेता प्रतिपक्ष और असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई के पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर बड़ा आरोप लगाते इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।
गोगोई और उनकी ब्रिटिश मूल की पत्नी एजिलाबेथ के कथित पाक कनेक्शन पर असम पुलिस की सीआइडी की जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया।
रिपोर्ट में भारत के खिलाफ बड़ी साजिश के शुरूआती सबूतों का दावा करते हुए सरमा ने इसकी आगे एनआइए या सीबीआइ से जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा है।
रिपोर्ट जारी करने के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन को गौरव गोगोई द्वारा फ्लॉप शो करार दिये जाने का जवाब देते हुए सरमा ने गोगोई को पाकिस्तान में बिताए गए 10 दिन के कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा सार्वजनिक करने की चुनौती दी।
सीएम सरमा ने की घेराबंदी
इसके साथ ही सरमा ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर गोगोई की घेराबंदी की। सीआइडी की जांच रिपोर्ट का हवाला देकर सरमा ने दावा करते हुए कहा कि एनजीओ लीड पाकिस्तान में काम करते हुए गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ ने पाकिस्तान में खाता खुलवाया था।
सीआइडी की पूछताछ में एलिजाबेथ ने खाते के बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। सरमा ने कहा कि एलिजाबेथ का ब्रिटेन और पाकिस्तान में भी बैंक खाता है और उसमें लेन-देन हुआ है।
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि तीसरी बार सांसद बने गोगोई ने चुनाव आयोग को दिये गए हलफनामे में अपनी पत्नी के विदेशी खातों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, जो आदर्श चुनाव संहिता का खुला उल्लंघन है और इसके लिए एक साल तक की सजा हो सकती है।
असम चुनाव में भाजपा का चुनावी चेहरा मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि गोगोई के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार जल्द ही सीआइडी के सामने एलिजाबेथ के बयान का हवाला देकर चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे।
गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्रा
सरमा ने 14 दिसंबर से 24 दिसंबर 2013 तक गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्रा को लेकर यह बड़ा हमला किया और कहा कि उस समय गौरव गोगोई के पिता तरुण गोगोई असम के मुख्यमंत्री थे। सीआइडी रिपोर्ट के मुताबिक गौरव गोगोई को लाहौर के लिए वीजा मिला था, लेकिन लाहौर पहुंचते हुए पाकिस्तान के गृह विभाग ने उन्हें इस्लामाबाद और कराची में जाने की अनुमति दे दी।
सरमा के अनुसार गोगोई की इस यात्रा के दौरान हुई मुलाकातों और बातचीत का पूरा डिजिटल सबूत पाकिस्तान के पास है, जिसका इस्तेमाल कभी भी गौरव गोगोई को दवाब डालने के लिए किया जा सकता है।
सीएम सरमा ने गौरव गोगोई को वह पत्र सार्वजनिक करने की चुनौती दी, जो उन्होंने पाकिस्तानी गृह मंत्रालय को इस्लामाबाद और कराची जाने की अनुमति देने के लिए लिखा था। लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण असमी अस्मिता की सुरक्षा असम में बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है।
नागरिकता पर उठाए सवाल
सीआइडी रिपोर्ट का हवाला देते हुए सरमा ने गौरव गोगोई के असम अस्मिता के प्रति लगाव पर सवालिया निशान लगाते हुए दावा किया कि शादी के 13 साल बाद भी गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ की नागरिकता ब्रिटिश और धर्म क्रिश्चियन है। यही नहीं, गौरव गोगोई ने खुद 2022 में अपने बेटे की भारतीय नागरिकता छोड़ने और उसकी ब्रिटिश नागरिकता का रास्ता साफ किया।
भारतीय पासपोर्ट में बेटे का धर्म हिंदू लिखा था, लेकिन ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद बेटे के धर्म के कॉलम को खाली पाया गया। इसी तरह से बेटी की नागरिकता ब्रिटिश और धर्म क्रिश्चियन बताया गया।
सरमा के मुताबिक, सीआइडी रिपोर्ट में एलिजाबेथ के पाकिस्तानी नागरिक और लीड पाकिस्तान के प्रमुख अली तौकीर शेख के साथ संबंध की आशंका जताई गई है। एनजीओ लीड भारत में आने के बाद भी एलिजाबेथ को लीड पाकिस्तान से सैलरी मिलती रही, जो एफसीआरए नियमों का सीधा उल्लंघन है। 2015 में एलिजाबेथ द्वारा तैयार की गई 45 पन्नों की रिपोर्ट में कई खुफिया जानकारी का दावा किया है।
सरमा ने दावा किया कि एजिलाबेथ एक भारतीय नागरिक के रूप में ओसीआइ कार्ड मिला हुआ है, जिसके दुरूपयोग के ठोस सबूत मिले हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही एलिजाबेथ का ओसीआइ कार्ड कैंसल करने के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।