Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Cyclone Montha News: साइक्लोन मोंथा का कैसे पड़ा नाम, आखिर क्या होता है इसका मतलब?

    Updated: Mon, 27 Oct 2025 01:07 PM (IST)

    अरब सागर में उठ रहे चक्रवात 'मोंथा' का खतरा मंडरा रहा है, जिसके 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। इस चक्रवात का नाम थाईलैंड ने सुझाया था, जिसका अर्थ है 'सुगंधित फूल'। मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, साथ ही तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।

    Hero Image

    कहर बरपाने आ रहा है साइक्लोन मोंथा।

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरब सागर के ऊपर एक नया साइक्लोनिक तूफान चक्रवात मोंथा का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, इसके 28 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना जताई जा रही है। इसका असर कई राज्यों पर पड़ सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है और अगले कुछ दिनों में इसके और मजबूत होने की संभावना है। ऐसे में जानते हैं कि साइक्लोन मोंथा का नाम कैसे पड़ा और इसका क्या मतलब होता है?

    कैसे पड़ा इस चक्रवात का नाम मोंथा?

    उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में आने वाले चक्रवातों को उस क्षेत्र के देशों की ओर से दी गई पहले से तय लिस्ट से नाम दिए जाते हैं। मोंथा नाम का सुझाव थाईलैंड ने दिया था, जो उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नाम रखने में योगदान देने वाले 13 सदस्य देशों में से एक है।

    Montha

    उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों का नाम भारत क्षेत्रीय विशिष्ट मौसम विज्ञान केंद्र (आरएसएमसी), नई दिल्ली की ओर से रखा जाता है, जिसे विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO)एशिया और प्रशांत के लिए यूएन आर्थिक और सामाजिक आयोग (ESCAP) की देखरेख में मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) चलाता है।

    कौन-कौन देश देते हैं चक्रवातों के नाम?

    इस क्षेत्र में चक्रवातों के नाम देने वाले देश हैं बांग्लादेश, भारत, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका, थाईलैंड, यमन, ईरान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)। हर देश 13 नामों की लिस्ट देता है। इन सभी को मिलाकर 169 नाम बनते हैं। जब कोई नया चक्रवात बनता है, तो आईएमडी लिस्ट में से अगला नाम चुनता है।

    Cyclone Montha News

    क्या होता है इसका मतलब?

    थाई भाषा में मोन्था का मतलब खुशबूदार फूल या सुंदर फूल होता है।

    साइक्लोन मोंथा कब और कहां आएगा?

    मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के 26 में से 23 जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं। साइक्लोन मोंथा उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र तट की ओर बढ़ रहा है और 28 अक्टूबर को काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच लैंडफॉल कर सकता है।

    Montha New

    चक्रवात के करीब आने पर आईएमडी ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी समेत कई राज्यों के लिए भारी बारिश की एडवाइजरी जारी की है। ओडिशा में भी 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने की उम्मीद है और गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

    यह भी पढ़ें: आंध्र, ओडिशा- बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, स्कूल बंद... कब और कहां टकराएगा साइक्लोन मोंथा?