क्या आपके पास है भारतीय नागरिक होने का असली सबूत? कानूनी पचड़ों में फंसने से पहले जान लें जरूरी डॉक्यूमेंट लिस्ट
Documents Required to Prove Indian Citizenship Legally: क्या आप वाकई भारत के नागरिक हैं और आपके पास इसे साबित करने का कोई पक्का सबूत है.. या फिर आपको ...और पढ़ें

Indian Citizenship Proof:भारतीय नागरिकता साबित करने के लिए कौन सा कागज है असली सबूत? यह तस्वीर एआई से बनाई गई है।
HighLights
पासपोर्ट नागरिकता का निर्णायक प्रमाण नहीं है।
आधार, पैन, वोटर आईडी भी अंतिम सबूत नहीं।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'पासपोर्ट यात्रा दस्तावेज है, नागरिकता का प्रमाण पत्र नहीं', विदेश मंत्रालय ने बुधवार को यह स्पष्ट किया तो देश में एक नई बहस छिड़ गई कि अगर पासपोर्ट, आधार, पैन कार्ड और वोटर आईडी में से कोई भी भारतीय नागरिकता का सबूत नहीं है तो फिर भारतीयता किस कागज से साबित होगी?
भारतीय हैं, इसका निर्णायक प्रमाण आखिर कौन-सा दस्तावेज है? क्या पासपोर्ट रखने वाले व्यक्ति से भी नागरिकता साबित करने का कहा जा सकता है?
फिलहाल पासपोर्ट, भारतीय नागरिकता और नियम-प्रावधानों को लेकर छिड़ी बहस से जुड़े सभी सवालों के जवाब हम आपको बताते हैं..
पासपोर्ट चर्चा का विषय क्यों बन गया?
विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से 24 जून को कहा गया, 'पासपोर्ट एक यात्रा (Travel) दस्तावेज है, नागरिकता (Citizenship) का प्रमाण पत्र नहीं। यह विदेश यात्रा के दौरान आपकी राष्ट्रीयता (Nationality) बताता है, लेकिन कानूनन पासपोर्ट नागरिकता का आखिरी और निर्विवाद प्रमाण (Conclusive Proof) नहीं है।'
विदेश मंत्रालय के इस बयान के बाद सबसे बड़ा सवाल यह आया कि जब सरकार किसी व्यक्ति की पहचान, पता, पुलिस वेरिफिकेशन और नागरिकता की पूरी तरह जांच-पड़ताल करने के बाद ही पासपोर्ट जारी करती है तो फिर पासपोर्ट को नागरिकता का सबूत क्यों नहीं माना जा रहा?
दरअसल, इससे पहले सरकार ने 2025 में संसद में बताया था- 'भारतीय पासपोर्ट केवल भारतीय नागरिकों को ही जारी किए जाते हैं।'

यह तस्वीर एआई से बनवाई गई है।
पासपोर्ट को लेकर सरकार ने क्या स्पष्ट किया?
सोशल मीडिया पर हंगामा बरपा तो 25 जून को सरकार ने सफाई देते हुए कहा-
'यह कोई नया नियम नहीं है। भारतीय कानून में पासपोर्ट को कभी भी नागरिकता का अंतिम प्रमाण नहीं माना गया। पासपोर्ट इसलिए जारी किया जाता है कि उस समय दस्तावेजों और जांच के आधार पर व्यक्ति को भारतीय नागरिका माना जाता है, लेकिन किसी कानूनी विवाद में नागरिकता पर सवाल उठता है तो सिर्फ पासपोर्ट के आधार पर फैसला नहीं होगा।'
पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 20 के तहत सरकार 'सार्वजनिक हित' में गैर-नागरिक को भी पासपोर्ट दिया जा सकता है। ये नागरिकता का सबूत नहीं माना जा सकता।
आधार, पैन और वोटर आईडी नागरिकता का अंतिम प्रमाण क्यों नहीं?
आधार कार्ड: आधार केवल पहचान और पता का प्रमाण है। अगर विदेशी नागरिक निर्धारित समय तक भारत में रहते हैं और पात्रता पूरी करते हैं तो वो भी आधार कार्ड बनवा सकते हैं।
खबरें और भी
पैन कार्ड: पैन कार्ड केवल टैक्स पहचान संख्या है। भारत में कारोबार करने वाले विदेशी नागरिकों को भी PAN जारी किया जाता है।
वोटर आईडी: मतदाता सूची में केवल भारतीय नागरिकों का नाम होना चाहिए। हालांकि, वोटर लिस्ट में त्रुटि या गलत नामांकन की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए केवल वोटर आईडी को नागरिकता का अंतिम और निर्णायक प्रमाण नहीं माना जाता।
नागरिकता क्या है?
भारतीय कानून के अनुसार, नागरिकता कोई कागज या कार्ड नहीं है, यह एक कानूनी दर्जा है।
कानूनी रूप से नागरिकता तय कैसे होती है?
नागरिकता अधिनियम 1955 के तहत नागरिकता तय होती है। इसमें जन्म, वंश, पंजीकरण, लंबे समय से निवास या किसी क्षेत्र के भारत में विलय के आधार मुख्य हैं।
1. जन्म से नागरिकता
अगर किसी का जन्म भारत में हुआ है तो उसकी नागरिकता डेट ऑफ बर्थ या जन्मतिथि के अनुसार तय होती है।
- 26 जनवरी 1950 से 1 जुलाई 1987 के बीच भारत में जन्म लेने वाला व्यक्ति भारतीय नागरिक माना गया।
- 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे लोगों को यह दिखाना जरूरी है कि माता-पिता में से कोई एक उस समय भारतीय नागरिक था।
- 3 दिसंबर 2004 के बाद जन्म लेने वाले को तभी भारतीय माना जाएगा, जब माता-पिता भारतीय हों या एक भारतीय और दूसरा अवैध प्रवासी (Illegal Immigrant) न हो।
जन्म से नागरिकों के लिए क्या दस्तावेज अहम हैं?
जन्म प्रमाण-पत्र
माता-पिता के नागरिकता/निवास से जुड़े कागज
पुराने स्कूल रिकॉर्ड
मतदाता सूची
भूमि-पैतृक संपत्ति के कागज
2. वंश के आधार पर नागरिकता
अगर माता-पिता भारतीय हैं, लेकिन बच्चा विदेश में जन्मा है, तो वह भी भारतीय नागरिक बन बन सकता है। इसके लिए शर्त यह है कि बच्चे का जन्म होने के एक साल के भीतर उस देश में स्थित भारतीय दूतावास में उसका रजिस्ट्रेशन कराया जाए।
3. पंजीकरण से नागरिकता
भारतीय मूल के लोग या भारतीय नागरिक से शादी करने वाले विदेशी नागरिक, कानून की शर्तें पूरी करने पर आवेदन करके पंजीकरण के जरिए भारतीय नागरिक बन सकते हैं।
4. प्राकृतिककरण से नागरिकता
कोई विदेशी नागरिक भारत में तय समय तक रहने और अन्य कानूनी शर्तें पूरी करने के बाद भारतीय नागरिकता प्राप्त कर सकता है।
इसके लिए जरूरी है..
आवेदक अवैध प्रवासी नहीं होना चाहिए।
आवेदन करने से पहले लगातार 12 महीने भारत में रहना जरूरी है।
आवेदन करने से पहले 14 सालों में कम से कम 11 साल भारत में रहा हो।
क्या इन नियमों में छूट मिल सकती है?
हां, अगर भारत सरकार को लगता है कि किसी व्यक्ति ने विज्ञान, साहित्य, कला, खेल, विश्व शांति या मानवता के क्षेत्र में विशेष योगदान दिया है तो नागरिकता कानून की कुछ शर्तों में छूट देकर उसे भारतीय नागरिकता दी जा सकती है।
बता दें कि धर्मगुरु दलाई लामा और पाकिस्तानी गायक अदनान सामी को इसी प्रावधान के तहत भारतीय नागरिकता दी गई थी।
क्या पासपोर्ट नागरिकता प्रूफ है?
नहीं। पासपोर्ट नागरिकता का दस्तावेज नहीं है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार उपलब्ध रिकॉर्ड और जांच के आधार पर उस व्यक्ति को भारतीय नागरिक मानते हुए पासपोर्ट जारी कर रही है।
तो क्या अब पासपोर्ट का कोई महत्व नहीं?
ऐसा बिल्कुल नहीं है। पासपोर्ट आज भी भारत सरकार द्वारा जारी किया जाने वाला सबसे विश्वसनीय सरकारी दस्तावेजों में से एक है। विदेश यात्रा, वीजा, बैंक, विदेशी सरकारें, दूतावास आदि सभी पासपोर्ट पर भरोसा करते हैं।

यह ग्राफिक्स एआई से बनवाया गया है।
पासपोर्ट वालों को भी साबित करनी पड़ सकती है नागरिकता?
हां।अगर किसी कानूनी जांच, एनआरसी, अदालती विवाद या नागरिकता संबंधी जांच में सवाल उठता है तो जरूरी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।
क्या सरकार कभी नागरिकता प्रमाणपत्र जारी करता है?
हां, लेकिन केवल विशेष परिस्थितियों में ही, जैसे-
रजिस्ट्रेशन से नागरिकता मिलने पर
प्राकृतिककरण से नागरिकता मिलने पर
नागरिकता विवाद सुलझाने के लिए
आपको बात दें कि अभी तक हर भारतीय को नागरिकता प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाता है।
विदेश में पासपोर्ट नागरिकता प्रमाण है या नहीं?
अमेरिका में पासपोर्ट नागरिकता का मजबूत प्रमाण माना जाता है।
फ्रांस में भी पासपोर्ट से राष्ट्रीयता साबित होती है।
स्पेन में पासपोर्ट नागरिकता का प्रमाण माना जाता है।
नेपाल अलग नागरिकता प्रमाणपत्र जारी करता है।
जापान में पारिवारिक रजिस्टर (Koseki) नागरिकता का आधिकारिक रिकॉर्ड होता है।
यह भी पढ़ें- पासपोर्ट नागरिकता का सबूत नहीं... MEA के बयान पर विवाद क्यों? बॉम्बे HC के 13 साल पुराने फैसले से दूर होगा कन्फ्यूजन
केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार की वेबसाइट पर इस विषय में आवश्यक जानकारी उपलब्ध है।
https://indiancitizenshiponline.nic.in/Documents/UserGuide/Acquisation.pdf