कर्नाटक: केस जीतने के लिए जज की सीट पर छिड़के सरसों के दाने, काला जादू के आरोप में महिला गिरफ्तार
कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में एक 65 वर्षीय महिला को जज की कुर्सी पर काला जादू करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

जज पर काला जादू की कोशिश करने के आरोप में महिला गिरफ्तार। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
HighLights
जज की कुर्सी पर काला जादू करने का आरोप।
65 वर्षीय मंजुला को चिक्काबल्लापुर में गिरफ्तार किया गया।
सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद, 14 दिन की हिरासत।
डिजिटल डेस्क, चिक्काबल्लापुर। कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर में सीनियर सिविल जज और जेएमएफसी कोर्ट के जज की कुर्सी पर कथित तौर पर काला जादू करने के आरोप में 65 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
चिक्काबल्लापुर सिटी पुलिस के मुताबिक, मंजुला नाम की आरोपी महिला कथित तौर पर कोर्ट परिसर में घुसी और जज की कुर्सी पर मंत्र-फूंके हुए सफेद सरसों के दाने छिड़ककर काला जादू किया।
सीसीटीवी में कैद घटना
पुलिस ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब दो दिन पहले रिकॉर्ड किए गए सीसीटीवी फुटेज में महिला को कोर्टरूम के अंदर यह हरकत करते हुए देखा गया। अधिकारी ने कहा, "सीसीटीवी फुटेज में महिला को दो दिन पहले जज की कुर्सी पर कथित तौर पर जादुई सफेद सरसों के दाने छिड़कते हुए देखा गया।"
14 दिन की न्यायिक हिरासत में महिला
कोर्ट की चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर नेत्रा की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और इसके बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि महिला के खिलाफ कर्नाटक प्रिवेंशन एंड इरेडिकेशन ऑफ इनह्यूमन एविल प्रैक्टिसेज एंड ब्लैक मैजिक एक्ट, 2017 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अदालत ने महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।