थाईलैंड के रास्ते म्यांमार भेजे जा रहे थे 60 भारतीय, करवाई जा रही थी 'साइबर गुलामी'; ऐसे खुली पोल
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने 60 लोगों का रेसेक्यू किया है। सभी को नौकरी का झांसा देकर म्यांमार भेजा जा रहा था। साइबर पुलिस ने 5 एजेंट्स को भी गिरफ्तार किया है। इसी के साथ म्यांमार से साइबर अपराध करने वाले गिरोह की भी पोल खुल गई है। तो आइए जानते हैं कि यह पूरा नेटवर्क आखिर कैसे ऑपरेट करता है?

पीटीआई, मुंबई। मुंबई पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने 60 लोगों का रेस्क्यू किया है, जिन्हें साइबर गुलामी के लिए म्यांमार ले जाया जा रहा था। इसी के साथ मुंबई पुलिस ने विदेशी नागरिक समेत 5 एजेंट्स को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दर्ज की 3 FIR
महाराष्ट्र की साइबर पुलिस ने इस मामले में तीन FIR दर्ज की हैं। साजिशकर्ताओं ने सभी लोगों से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया था। उन्हें थाईलैंड और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में ज्यादा पैसे कमाने की लालच देकर म्यांमार ले जाने की प्लानिंग थी। हालांकि साइबर पुलिस ने साजिशकर्ताओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
कैसे काम करता है नेटवर्क?
जानकारी के अनुसार एजेंट्स ने सभी 60 लोगों का पासपोर्ट बनवाया और उन्हें विमान की टिकट भी लाकर दी। एजेंट्स ने सभी के लिए थाईलैंड का टूरिस्ट वीजा बनवाया था। थाईलैंड पहुंचने के बाद सभी को बॉर्डर के रास्ते म्यांमार ले जाया जाता।
साइबर अपराध को देते हैं अंजाम
साइबर गुलामी की साजिश का शिकार हुए 60 लोगों को नाव से नदी पार करवाई जाती और फिर हथियारों से लैस कुछ लोग उन्हें संरक्षित परिसर में लेकर जाते, जहां उनसे जबरन साइबर अपराध करवाए जाते। म्यांमार में कई लोग ऐसे ही साइबर अपराध के गिरोह चलाते हैं, जहां से डिजिटल अरेस्ट और झूठे निवेश के जरिए ठगी को अंजाम दिया जाता है।
यह भी पढ़ें- कर्नाटक के इस मंदिर में प्री और पोस्ट-वेडिंग फोटोशूट पर लगा बैन, जानें क्या है वजह?
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने कई अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर 60 लोगों को म्यांमार के इस गिरोह का शिकार बनने से बचाया है। साइबर पुलिस ने बताया कि पीड़ितों से पूछताछ में इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इन एजेंट का पूरा नेटवर्क है, जो भारत में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को ज्यादा सैलरी का झांसा देकर म्यांमार ले जाता है।
5 एजेंट गिरफ्तार
60 लोगों के रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने 5 एजेंट्स को हिरासत में लिया है। इस लिस्ट में मनीष ग्रे अलियास मैडी, ताईसन अलियास आदित्य रवि चंद्रन, रूपनारायण रामधर गुप्ता, जेंसी रानी डी और चीनी-कजाकिस्तानी नागरिक तालानीती नुलक्सी का नाम शामिल है। यह सभी लोग भर्ती एजेंट का काम करते थे।
भारत में शाखा खोलने की तैयारी
बता दें कि मनीष ग्रे अलियास मैडी एक प्रोफेशनल एक्टर हैं, जो कई टीवी शोज और वेब सीरीज में भी नजर आ चुका है। एक्टिंग के अलावा मनीष साइबर अपराध वाले गिरोह का भी हिस्सा था। इसके अलावा तालंती नुलक्सी म्यांमार में मौजूद इस गिरोह की एक शाखा भारत में खोलने की तैयारी कर रहा था। हालांकि पुलिस ने अब सभी को गिरफ्तार करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।