क्या महाराष्ट्र में बंद होगी 'लड़की बहिन' योजना? 1 साल पूरे होने पर क्या बोले डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे?
महाराष्ट्र में लड़की बहिन योजना के बंद होने की अफवाहों पर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने विराम लगाया है। उन्होंने पुणे में कहा कि यह योजना कभी नहीं रुकेगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है जिसके तहत 21-65 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की सहायता मिलती है। विपक्ष ने योजना को चुनावी एजेंडा बताकर अफवाहें फैलाईं थीं।

एएनआई, अकोला। महाराष्ट्र में लाखों महिलाओं को लड़की बहिन योजना का लाभ मिलता है। हालांकि, पिछले कुछ समय से लड़की बहिन योजना बंद होने के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं, अब महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का कहना है कि लड़की बहिन योजना कभी रुकेगी। यह योजना जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में मुठभेड़, दो आतंकियों के छिपे होने की सूचना; सेना ने इलाके को घेरा
शिंदे ने क्या कहा?
लड़की बहिन योजना को शनिवार को 1 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर डिप्टी सीएम शिंदे ने पुणे में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, जब मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना शुरू हुई, तो विपक्ष ने इसे झूठा करार देते हुए चुनावी एजेंडा बताया था। इस योजना के बारे में विपक्ष जितनी अफवाहें फैला सकता था, उतनी फैलाईं, लेकिन लड़की बहिन योजना नहीं रुकी और न कभी भविष्य में रुकेगी।
क्या है योजना?
लड़की बहिन योजना का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत 21-65 साल की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
विधानसभा में हुआ हंगामा
इसी साल जुलाई में महाराष्ट्र की विधानसभा में जवाब देते हुए मंत्री अदिति तटकरे ने बताया था कि 2,289 सरकारी नौकरी करने वाली महिलाएं भी लड़की बहिन योजना का लाभ उठा रही हैं। उनकी पहचान के बाद उन्हें इस स्कीम से बाहर कर दिया गया है। इसे लेकर विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया।
विपक्ष ने किया दावा
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, "लड़की बहिन योजना जल्द ही बंद कर दी जाएगी। आपने कहा था कि 1,500 रुपये मिलेंगे, लेकिन अब बस 500 रुपये दिए जा रहे हैं। वहीं, चुनाव के दौरान 2,100 रुपये देने की बात कही गई थी। मगर, बाद में डिप्टी सीएम अजित पवार ने इससे साफ इनकार कर दिया। जब से आप डिप्टी सीएम बने हैं हमेशा मेरा पैसा मेरा पैसा करते रहते हैं। यह पैसा लड़की बहिन का है।"
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।