Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बंगाल चुनाव: ममता के पास न घर, न गाड़ी, हाथ में 75 हजार रुपये नकद; हलफनामे में हुआ खुलासा

    Updated: Thu, 09 Apr 2026 12:07 AM (IST)

    ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते हुए अपनी संपत्ति का हलफनामा जमा किया। इसमें बताया गया है कि उनके पास न घर है, न गाड़ी ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    ममता बनर्जी के हलफनामे में हुए बड़े खुलासे (फोटो-पीटआई)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    राज्य ब्यूरो, कोलकाता। अपनी सादगी के लिए जानी जाने वालीं बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के पास न अपना घर, न गाड़ी और न ही उनके नाम पर कोई कृषि जमीन है।

    विधानसभा चुनाव के लिए कोलकाता की भवानीपुर सीट से ममता द्वारा बुधवार को दाखिल नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे में यह बात सामने आई है।

    चुनाव आयोग ने शाम को इस हलफनामे (शपथपत्र) को अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक किया, जिसमें ममता ने अपनी शैक्षणिक योग्यता, आय और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी है।

    लफनामे के अनुसार, ममता के पास 75,700 रुपये नकद हैं। इसके अलावा, कोलकाता के हरीश मुखर्जी रोड स्थित इंडियन बैंक की शाखा में उनके बचत खाते में 12,36,209 रुपये जमा हैं। इसी शाखा में चुनाव खर्च के लिए खोले गए खाते में 40,000 रुपये मौजूद हैं।

    ममता के पास मात्र 9 ग्राम 750 मिलीग्राम सोना है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.45 लाख रुपये है। इस प्रकार उनकी कुल चल संपत्ति करीब 15,37,509 रुपये है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि उनके नाम पर कोई अचल संपत्ति नहीं है। न उनके पास कोई घर या फ्लैट है, न ही कोई कृषि भूमि। उन्हें विरासत में भी कोई अचल संपत्ति नहीं मिली है।

    इसके अलावा उनके नाम पर कोई वाहन भी नहीं है। उनके पास किसी भी कंपनी के शेयर या किसी वित्तीय संस्था में कोई निवेश भी नहीं है। ममता के खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है।

    ममता की आय में गिरावट

    हलफनामे के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में ममता की आय में उतार- चढ़ाव व गिरावट आई है। आयकर विभाग के पास जमा रिटर्न के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में ममता की कुल आय 23,21,570 रुपये रही।

    2023-24 में उनकी कुल आय 20,72,740 थी। 2022-23 में उनकी आय 29,76,360 रुपये और 2021-22 में 38,14,410 रुपये जबकि 2020-21 में यह 15,47,845 रुपये थी। ममता पर किसी सरकारी संस्था का कोई बकाया या ऋण नहीं है।

    2016 के बाद संपत्ति में गिरावट

    ममता द्वारा जमा किए गए हलफनामे और पिछले चुनावों के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण में उनकी संपत्ति में मामूली गिरावट आई है। 2011 के चुनाव में ममता द्वारा घोषित कुल संपत्ति 15.84 लाख रुपये थी। 2016 में कुल घोषित संपत्ति 30.45 लाख और 2021 में 15.38 लाख थी। 2026 में यह 15.37 लाख है।

    एमए पास हैं ममता

    ममता की उच्चतम शैक्षणिक योग्यता एमए है। ममता ने बताया है कि उन्होंने 1977 में कलकत्ता विश्वविद्यालय से कला संकाय में मास्टर्स (एमए) की डिग्री प्राप्त की थी। इसके बाद 1982 में उसी विश्वविद्यालय से संबद्ध योगेशचंद्र चौधरी कालेज से कानून (एलएलबी) की डिग्री हासिल की।

    चार चुनाव : संपत्ति और केस का तुलनात्मक ब्यौरा

    वर्ष घोषित कुल संपत्ति आपराधिक मामले
    2011- 15.84 लाख संपत्ति, आपराधिक मामले 0
    2016- 30.45 लाख, संपत्ति, आपराधिक मामले 0
    2021- 15.38 लाख, संपत्ति, आपराधिक मामले 0
    2026- 15.37 लाख, संपत्ति, आपराधिक मामले 0

    सुवेंदु के खिलाफ दर्ज हैं 25 आपराधिक मामले

    भवानीपुर सीट पर ममता के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी की बात करें तो हाल में उनके द्वारा नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे के अनुसार उनके विरुद्ध बंगाल के विभिन्न थानों में 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुवेंदु की कुल चल संपति 24,57,600.01 रूपये है।

    अचल संपत्ति के तौर पर सुवेंदु के पास कृषि भूमि, गैर-कृषि भूमि व तीन आवासीय इमारतें (अपार्टमेंट सहित) हैं। उनकी उच्चतम शैक्षिक योग्यता एमए है। सुवेंदु इस बार दो सीटों- भवानीपुर व नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- AI की कड़ी निगरानी में होंगे मतदान केंद्र, अतिरिक्त व्यक्ति घुसते ही कंट्रोल रूम को मिलेगा अलर्ट