Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    महाराष्ट्र में बारिश का कहर: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बंद, कई ट्रेन-फ्लाइट रद; अब तक 13 की मौत

    Updated: Mon, 06 Jul 2026 09:38 PM (IST)

    मुंबई और आसपास भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर नवनिर्मित 'मिसिंग लिंक' में रिसाव के कारण यातायात रोक दिया गया है, वहीं ...और पढ़ें

    मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे।

     मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे।

    HighLights

    1. मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मिसिंग लिंक में पानी का रिसाव।

    2. भूस्खलन के कारण मुंबई-पुणे रेल यातायात पूरी तरह ठप।

    3. बारिश से जुड़ी घटनाओं में महाराष्ट्र में 13 लोगों की मौत।

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में पिछले चार दिनों से जारी मूसलधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कुछ ही सप्ताह पहले आम जनता के लिए खोले गए नवनिर्मित 'मिसिंग लिंक' ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस अत्याधुनिक मार्ग की एक प्रमुख सुरंग के भीतर तेजी से पानी का रिसाव शुरू हो गया है।

    सुरंग के अंदर जलभराव और किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस ने इस नए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया है। मिसिंग लिंक में भारी रिसाव के कारण विपक्ष को सरकार पर हमले का मौका मिल गया है। विपक्षी दल मिसिंग लिंक को लेकर सरकार और मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।

    Mumbai-Pune Expressway (1)

    कंक्रीट का खंभा गिरने पर जवाबदेही की मांग

    दूसरी ओर शिवसेना (यूबीटी) के एमएलसी अंबादास दानवे ने मिसिंग लिंक के कैरिजवे पर कंक्रीट का खंभा गिरने के बाद जवाबदेही की मांग की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

    मुंबई-पुणे रेलवे यातायात ठप

    मुंबई और पुणे के बीच रेल संपर्क भी बाधित है। कर्जत के पास पहाड़ी खिसकने (भूस्खलन) से रेलवे ट्रैक पर भारी मलबा आ गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मुंबई-पुणे के बीच चलने वाली सभी रेल सेवाओं को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है। ट्रैक से मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है, लेकिन लगातार हो रही बारिश बाधा बनी हुई है।

    Mumbai Rains (3)

    भारी वर्षा के कारण पूर्वी उपनगर मानखुर्द में एक तीन मंजिला चाल ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इससे मलबे के नीचे दबकर छह लोगों की मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पांच-पांच लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।

    खबरें और भी

    अब तक 13 लोगों के मारे जाने की खबर

    पिछले 24 घंटे में पूरे महाराष्ट्र में बारिश के कारण विभिन्न घटनाओं में 13 लोगों के मारे जाने की खबर है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मंगलवार को नासिक में बादल फटने और 300 मिमी. तक बरसात होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

    प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूलों, कालेजों और सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का आदेश दिया है। मुंबई के निचले इलाकों जैसे हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी में सड़कों पर कई फीट पानी जमा हो गया है। पिछले तीन दिनों से बारिश के साथ तेज हवा के कारण मुंबई में 250 से ज्यादा पेड़ गिरने की खबर है। जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

    Mumbai Rains (1)

    सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित

    सड़कों पर पानी भरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है और जगह-जगह मीलों लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। लोग घंटों से अपनी गाड़ियों में फंसे हुए हैं। मुंबई से राजधानी दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
    प्रेट्र के अनुसार, भारी बारिश के मद्देनजर विधानमंडल के दोनों सदनों को स्थगित कर दिया गया।

    Mumbai Rains (2)

    सीएम फडणवीस बोले- यह एक अप्रत्याशित स्थिति

    स्थगन से पहले मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधानसभा में कहा कि यह एक अप्रत्याशित स्थिति है, जो मानव नियंत्रण से परे है। उन्होंने लोगों से सभी गैरजरूरी यात्रा से बचने और भारी बारिश के दौरान जलप्रपात या पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की अपील की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी कंपनियों को मानवीय आधार पर अपने कर्मचारियों को 'वर्क फ्राम होम' की सुविधा देनी चाहिए। आगाह किया कि जो संस्थान इस गाइड लाइन का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे बहुत जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलें।

    यह भी पढ़ें- पहले गड्ढे, अब भूस्खलन: 6695 करोड़ रुपये का मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे लिंक एक मानसून भी नहीं झेल पाया