नेशनल टीचर अवॉर्ड 2025 के लिए 21 शिक्षकों का चयन, शिक्षण और शैक्षणिक विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक से 21 शिक्षकों का चयन किया है। यह पुरस्कार शिक्षण और शैक्षणिक विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाएगा। शिक्षकों का चयन शिक्षण अधिगम प्रभावशीलता आउटरीच गतिविधियों अनुसंधान और नवाचार जैसे मानदंडों पर आधारित है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि उच्च शिक्षा संस्थानों (HEI) और पॉलिटेक्निक से कुल 21 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए चुना गया है। ये पुरस्कार शिक्षण और शैक्षणिक विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।
मंत्रालय ने बताया कि 2023 में, सम्मान के लिए दो अलग-अलग श्रेणियां बनाने का निर्णय लिया गया था जिनमें एक उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए और दूसरी पॉलिटेक्निक के लिए। चुने गए 21 शिक्षक पॉलिटेक्निक, राज्य विश्वविद्यालयों और केंद्रीय उच्च शिक्षा संस्थानों सहित विभिन्न संस्थानों से हैं।
शिक्षक के प्रदर्शन के आधार पर चयन
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "शिक्षक के प्रदर्शन के आधार पर चयन किया जाता है, जिसका मूल्यांकन शिक्षण, अधिगम प्रभावशीलता, आउटरीच गतिविधियां, अनुसंधान और नवाचार, प्रायोजित अनुसंधान, संकाय विकास कार्यक्रम और परामर्श शिक्षण जैसे मानदंडों के आधार पर किया जाता है। इनमें से अधिगम प्रभावशीलता और आउटरीच गतिविधियों को प्रमुख महत्व दिया गया है।"
दो स्तरों पर हुआ शिक्षकों का चयन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (NAT) 2025 की चयन प्रक्रिया दो स्तरों पर होती है। एक प्रारंभिक खोज-सह-स्क्रीनिंग समिति पहले नामांकित व्यक्तियों का मूल्यांकन और चयन करती है। इस सूची में से, एक राष्ट्रीय निर्णायक मंडल पुरस्कार विजेताओं का चयन करता है।
बयान में आगे बताया गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020, छात्रों के अधिगम, संस्थागत विकास और समग्र रूप से शिक्षण पेशे को आगे बढ़ाने के लिए "प्रेरित, ऊर्जावान और सक्षम संकाय" को महत्वपूर्ण मानती है। यह शिक्षा प्रणाली में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए पुरस्कार और मान्यता जैसे प्रोत्साहनों पर भी जोर देती है।
इन राज्य को शिक्षकों को मिलेगा सम्मान
पुरस्कार विजेताओं में कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र से दो-दो शिक्षक शामिल हैं। पुडुचेरी, केरल, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, बेंगलुरु, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और नई दिल्ली से एक-एक शिक्षक का चयन किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।