NTA में स्थायी कर्मचारियों से तीन गुना ज्यादा सलाहकारों की फौज, फिर भी नीट-यूजी पेपर लीक जैसी बड़ी गड़बड़ी
नीट-यूजी पेपर लीक के बाद एनटीए के कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं, जहां स्थायी कर्मचारियों से तीन गुना ज्यादा सलाहकार होने के बावजूद गड़बड़ी हुई। ...और पढ़ें

NTA में स्थायी कर्मचारियों से तीन गुना ज्यादा सलाहकारों की फौज।
HighLights
NTA में स्थायी कर्मचारियों से तीन गुना ज्यादा सलाहकार।
नीट-यूजी पेपर लीक के बाद एनटीए पर उठे सवाल।
कुल 79 परामर्शदाता, जबकि 24 स्थायी पद भरे।
अरविंद पांडेय, नई दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक के बाद वैसे भी एनटीए के कामकाज पर सवाल तो खड़े हो रहे हैं, लेकिन इस बीच जो जानकारी सामने आयी है, वह और भी चौंकाने वाली है। एनटीए में ये गड़बड़ियां तब हुईं, जब परीक्षाओं को ठीक ढंग से कराने के लिए उसके पास सलाहकारों (एडवाइजर) व परामर्शदाताओं (कंसल्टेंट) की भारी-भरकम फौज थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, सलाहकारों व परामर्शदाताओं की यह संख्या एनटीए में तैनात मौजूदा स्थायी अमले से तीन गुने से भी अधिक हैं। खास बात यह है कि इन सलाहकारों व परामर्शदाताओं में सुरक्षित प्रश्न-पत्र तैयार कराने वाले विशेषज्ञों से लेकर बगैर किसी गड़बड़ी के परीक्षा कराने वाले विशेषज्ञ तक शामिल हैं।
एनटीए के बारे में ये तथ्य पेपर लीक विवाद के बाद शिक्षा मंत्रालय की ओर से संसद को दी गई एक जानकारी में सामने आए हैं। इसमें बताया गया है कि एनटीए में मौजूदा समय में कुल 39 स्थायी पद स्वीकृत हैं, जिसमें महानिदेशक से लेकर वरिष्ठ अधीक्षक तक के पद हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 24 पद ही मौजूदा समय में भरे हुए हैं।
वहीं संविदा पर कुल 73 लोग तैनात हैं, जिनमें से पांच वरिष्ठ परामर्शदाता, 44 परामर्शदाता व चार सलाहकार जैसे पद भी हैं। इसके अतिरिक्त आउटसोर्स के जरिये भी करीब 124 लोगों की तैनाती की गई है, इनमें भी परामर्शदाता सहित डाटा एनालिस्ट, लीगल एसोसिएट व हाउस कीपिंग के पद हैं।
खबरें और भी
हालांकि मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में यह नहीं बताया कि परामर्शदाता के कितने पद हैं, लेकिन सूत्रों की दावा है कि इनमें भी परामर्शदाता के करीब 30 पद हैं। ऐसे में देखा जाए तो एनटीए में अकेले 79 परामर्शदाता हैं।
एनटीए में स्थायी पदों पर अभी किस स्तर पर कितने अधिकारी?
- महानिदेशक- एक
- संयुक्त सचिव- दो
- निदेशक (लेवल 14)- एक
- निदेशक (लेवल-13)- सात
- संयुक्त निदेशक- छह
- उपनिदेशक- तीन
- सहायक निदेशक- दो
- वरिष्ठ अधीक्षक- दो
संविदा पर तैनात अमले में कितने किस पद पर?
महाप्रबंधन संचार- एक
वरिष्ठ सलाहकार- एक
सलाहकार- तीन
वरिष्ठ परामर्शदाता- पांच
परामर्शदाता- 44
वरिष्ठ साफ्टवेयर डेवलपर- एक
कार्यालय सहायक- एक
युवा पेशेवर- 17