Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बिहार में दुनिया को राजनीति सिखाने की ताकत', NDA की प्रचंड जीत के बाद पीएम मोदी की हुंकार

    Updated: Sat, 15 Nov 2025 11:30 PM (IST)

    गुजरात में एक रैली में, प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के लोगों की राजनीतिक कुशलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार में दुनिया को राजनीति सिखाने की क्षमता है और इस राज्य ने हमेशा देश को सही दिशा दिखाई है। उन्होंने गुजरात और बिहार के ऐतिहासिक संबंधों पर भी प्रकाश डाला।

    Hero Image

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। (X-@BJP4India)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में सत्तारूढ़ राजग की प्रचंड जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को महागठबंधन पर निशाना साधा। कहा कि सूरत में रहने वाले मेरे भाई-बहन इस चुनाव पर कड़ी नजर रख रहे थे। बिहार के लोगों को राजनीति सिखाने की जरूरत नहीं है। उनके पास दुनिया को राजनीति सिखाने की ताकत है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आज बिहार में विकास की भूख हर जगह दिखाई दे रही है। मुझे याद है कि कैसे कोविड के दौरान देशभर के लोग अपने घरों को लौट रहे थे।

    उस समय मुझे बिहार के लोगों से बातचीत करने का मौका मिला था। उनमें से कई लोगों ने उस मुश्किल दौर का उपयोग अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने में किया। यही बिहार के लोगों की असली ताकत है। आप दुनिया में कहीं भी जाएं, आपको बिहार की प्रतिभा हमेशा चमकती हुई दिखाई देगी।

    सूरत हवाई अड्डे पर एक सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो सालों से जमानत पर छूटे ये नेता बिहार में घूम-घूमकर जातिवाद की राजनीति फैलाते रहे हैं। उन्होंने जातिवाद का जहर घोलने की बहुत कोशिश की। लेकिन, इस चुनाव में बिहार की जनता ने उस जहर को पूरी तरह से नकार दिया।

    बिहार में राजग की 'सुनामी' ने महागठबंधन को धूल चटा दी- पीएम मोदी

    बिहार में राजग की 'सुनामी' ने विपक्षी महागठबंधन को धूल चटा दी। राजग को महागठबंधन से 10 प्रतिशत अधिक वोट मिले। उन्होंने कहा कि बिहार आज दुनियाभर में प्रसिद्ध है। दुनिया में कहीं भी जाइए, आपको बिहार की प्रतिभा नजर आएगी। बिहार अब विकास की नई ऊचाइयों को छूने की इच्छाशक्ति दिखा रहा है। इस चुनाव ने उस इच्छा शक्ति को प्रतिबिंबित किया है।

    बिहार की महिलाओं और युवाओं ने एक ऐसा गठजोड़ बनाया जिसने आने वाले दशकों के लिए राजनीति की नींव मजबूत की। राजनीति का विश्लेषण करने वालों को बिहार के चुनाव परिणामों का विश्लेषण करने में महीनों लग जाएंगे। बिहार में सत्तारूढ़ राजग ने 243 में से 202 सीटें जीतकर चुनावों में भारी जीत हासिल की।

    आदिवासी समाज की कांग्रेस ने दशकों तक की उपेक्षा : पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समुदाय ने बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान दिया, लेकिन कांग्रेस ने इसे स्वीकार नहीं किया। अपने 60 वर्षों के शासन के दौरान उसने इस समुदाय की उपेक्षा की। जब भी राष्ट्र की गरिमा और आत्म सम्मान की बात आई, हमारा आदिवासी समुदाय हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहा। हमारा स्वतंत्रता संग्राम इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।

    आदिवासी समुदाय से कई स्वतंत्रता सेनानी उभरे। उन्होंने स्वतंत्रता की मशाल को आगे बढ़ाया। उन्होंने ये बातें गुजरात के नर्मदा जिले के देदियापाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित एक समारोह में कहीं। मोदी ने यहां भव्य रोड शो किया जिसमें आदिवासियों ने उनका स्वागत किया।

    आदिवासी बहुल नर्मदा जिले के डेडियापाडा में जयंती समारोह में उन्होंने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। अहमदाबाद-मुंबई हाईस्पीड बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की समीक्षा भी की। इससे पहले मोदी आदिवासी समुदाय की श्रद्धा की प्रतीक देवमोगरा माता के मंदिर दर्शन करने पहुंचे। यहां उन्होंने पारंपरिक तरीके से पूजा अर्चना की।

    (समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)