Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी-हरियाणा में हफ्ते में दो दिन घर से काम करने की तैयारी, वीआईपी कल्चर पर लगाम; मुख्यमंत्रियों के काफिले में कटौती

    Updated: Thu, 14 May 2026 02:17 AM (IST)

    उप्र सरकार ने 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन 'वर्क फ्राम होम' अपनाने पर जोर दिया है। हरियाणा, राजस्थान, बिहार व ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    यूपी-हरियाणा में हफ्ते में दो दिन घर से काम करने की तैयारी (फोटो- एक्स)

    HighLights

    1. उप्र में 50 से अधिक कर्मियों वाले संस्थानों में सप्ताह में दो दिन हो 'वर्क फ्राम होम'

    2. उप्र, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड में छोटा होगा मुख्यमंत्री व मंत्रियों का काफिला

    3. सप्ताह में एक दिन वाहन रहित दिवस मनाएंगे कई राज्य, वर्क फार्म होम को देंगे बढ़ावा

    जागरण टीम, नई दिल्ली। संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के समर्थन में कई राज्य आगे आए हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हरियाणा ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों का काफिला छोटा करने का फैसला किया है।

    दो दिन 'वर्क फ्राम होम' अपनाने पर जोर

    उप्र सरकार ने 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन 'वर्क फ्राम होम' अपनाने पर जोर दिया है। हरियाणा, राजस्थान, बिहार व उत्तराखंड ने भी वर्क फार्म होम को बढ़ावा देने के साथ ही सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल डे घोषित किया है।

    बुधवार को विस्तारित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, वाहन फ्लीट 50 प्रतिशत तक कम करने और अगले छह माह तक विदेश यात्राओं से परहेज करने का आह्वान किया।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही ये बात

    कहा कि मंत्री सप्ताह में एक दिन मेट्रो, बस, ई-रिक्शा, कार पूलिंग अथवा साइकिल का उपयोग करें। सचिवालय और निदेशालय में एयरकंडीशनर तथा लिफ्ट के आवश्यकता-आधारित उपयोग हो।

    उन्होंने एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने की बात कही। मुख्यमंत्री ने खाद्य तेल की खपत कम करने, सोने के अनावश्यक आयात को हतोत्साहित करने, सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन, पीएनजी आधारित व्यवस्था को प्राथमिकता देने और वर्षा जल संरक्षण को जनांदोलन बनाने की अपील की।

    खबरें और भी

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कही ये बात

    उप्र विधान सभा की संसदीय समितियों के अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सप्ताह में एक दिन बगैर वाहनों के काम चलाएंगे।

    राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर बुधवार को अधिकांश वरिष्ठ आइएएस और आइपीएस अधिकारियों ने स्वयं के अतिरिक्त वाहन मूल विभागों को वापस लौटा दिए हैं। अब वे मात्र एक वाहन ही अपने पास रखेंगे।

    उत्तराखंड में बुधवार को कैबिनेट बैठक में ईंधन बचत के लिए सप्ताह में एक दिन नो व्हीकल-डे और सरकारी व निजी क्षेत्रों में वर्क फ्राम होम को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया।

    मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की फ्लीट में वाहनों की संख्या आधी की जाएगी

    मुख्यमंत्री समेत मंत्रियों की फ्लीट में वाहनों की संख्या आधी की जाएगी। सरकारी एवं निजी भवनों में एसी के प्रयोग को सीमित किया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इलेक्टि्रक कार से चलने लगे हैं।

    बुधवार को कैबिनेट की बैठक में शामिल होने के लिए वह एक ही वाहन से आए। वर्क फ्राम होम लागू करने की सलाह के साथ लोगों से मेट्रो, बस, आटो अथवा अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट के उपयोग की अपील की गई है।

    खाद्य तेल के उपयोग का निर्देश सरकारी कैंटीनों पर लागू कर दिया गया है। बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा सलाहकार से चर्चा के बाद काफिले में भी आवश्यकतानुसार वाहन रखे जाएंगे।

    दिल्ली में लोक निर्माण विभाग, जल बोर्ड और सिंचाई विभाग ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए वाहनों का उपयोग सीमित करने के साथ विदेश दौरों पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है।

    गुरुग्राम में एक जून से वर्क फ्रॉम होम मोड में आएंगी ढाई हजार आइटी कंपनियां

    गुरुग्राम में लगभग छह हजार आइटी एवं टेलीकाम सेक्टर की कंपनियां संचालित हैं। आइटी एवं टेलीकाम सेक्टर की कंपनियों के संगठन 'हाइटेक इंडिया' के प्रेसिडेंट प्रदीप यादव ने कहा कि लगभग ढाई हजार कंपनियां एक जून से वर्क फ्राम होम मोड में आ जाएंगी। इसके लिए कंपनियों ने तैयारी शुरू कर दी है। 30 मई तक सिस्टम विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

    बिहार में साइकिल से कोर्ट पहुंचे जिला जज बिहार में औरंगाबाद के जिला जज राजीव रंजन कुमार और परिवार न्यायालय के न्यायाधीश अरुण कुमार ने बुधवार को साइकिल से न्यायालय पहुंचे। उनके साथ न्यायालय के नाजीर आत्मानंद राय भी साइकिल से थे।