Odisha Flood: घरों में दो फीट तक भरा पानी, तीन दिन से भूख-प्यास में हैं 900 परिवार
जाजपुर जिले में बैतरणी नदी में आई बाढ़ से स्थिति गंभीर हो गई है खासकर दशरथपुर ब्लॉक में जहाँ 15 से अधिक पंचायतें जलमग्न हैं और हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है। कुम्भीरगड़ी पंचायत के 12 में से 10 वार्ड पूरी तरह डूब गए हैं जिससे 900 परिवार पिछले तीन दिनों से भूख-प्यास से जूझ रहे हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। जाजपुर जिला होकर प्रवाहित हो रही बैतरणी नदी में लगातार आने वाली बाढ़ ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी है। हालिया बाढ़ में दशरथपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। इस ब्लॉक की 15 से ज्यादा पंचायतें अब भी जलमग्न हैं। हजारों हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है। जाजपुर जिले के 46 गांव और 14 पंचायतें भारी तबाही की चपेट में हैं।
भोगराई ब्लॉक की कुम्भीरगड़ी पंचायत की हालत सबसे ज्यादा दयनीय है। पंचायत के 12 वार्डों में से 10 पूरी तरह डूबे हुए हैं। करीब 900 परिवार पिछले तीन दिन से पानी में फंसे भूख-प्यास से जूझ रहे हैं।
हालात यह है कि न तो राहत सामग्री पहुंची है और न ही प्रशासनिक अधिकारी। स्कूल और आंगनबाड़ीकेंद्र बंद पड़े हैं। पीने के पानी के लिए लोग बेहाल हैं।
गांव में कई घरों के भीतर दो फीट तक पानी भरा है। लोग चारपाई पर बैठकर समय गुजार रहे हैं, वहीं पालतू पशु भी पानी में बंधे पड़े हैं। सौ से ज्यादा परिवार पास के भुआंबंध पर शरण लेने को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि इस साल स्वर्णरेखा नदी में छह बार बाढ़ आ चुकी है। लगातार बाढ़ ने कुम्भीरगड़ी पंचायत वासियों का सब कुछ उजाड़ दिया है। धान और सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। कई परिवारों के घर पूरी तरह टूट गए हैं, जबकि कई के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।