कालाहांडी के तीरंदाज ओडिशा स्टेट आर्चरी मीट 2025 में दिखाएंगे दम, 21 खिलाड़ियों का चयन
कालाहांडी के 21 तीरंदाज 26वीं ओडिशा स्टेट ओपन आर्चरी मीट 2025 में भाग लेंगे। वेदांता एल्यूमीनियम के सहयोग से खिलाड़ियों का चयन हुआ। 2018 में शुरू हुआ वेदांता लांजीगढ़ का खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को नई पहचान दे रहा है। अब तक 300 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है जिन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। कालाहांडी के खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। वेदांता एल्यूमीनियम के स्पोर्ट्स इनिशिएटिव से तैयार हुए 21 युवा तीरंदाज (12 पुरुष और 9 महिला) आगामी 26वीं ओडिशा स्टेट ओपन आर्चरी मीट 2025 में हिस्सा लेंगे।
इन खिलाड़ियों का चयन हाल ही में एसएसडी स्कूल, लांजीगढ़ में हुए जिला स्तरीय ट्रायल से हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन कालाहांडी एथलेटिक एसोसिएशन ने वेदांता के सहयोग से किया था। कुल 40 प्रतिभागियों ने इंडियन राउंड, कंपाउंड और रिकर्व कैटेगरी में अपना दमखम दिखाया।
खेलों में नई पहचान दिला रहा वेदांता का इनिशिएटिव
वर्ष 2018 में शुरू हुआ वेदांता लांजीगढ़ का खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम अब युवाओं के लिए नई पहचान का जरिया बन गया है। यहां तीरंदाजी और एथलेटिक्स में 80 विद्यार्थी प्रोफेशनल कोच, आधुनिक उपकरण और पौष्टिक आहार के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अब तक 300 से अधिक युवाओं को निखारा गया है, जिनमें से खिलाड़ियों ने 2024-25 में राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में 37 पदक जीते, 20 से ज्यादा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और दूसरे जनजातीय खेल महोत्सव 2024 में एक राष्ट्रीय पदक भी हासिल किया।
सीईओ बोले – कालाहांडी के लिए गर्व का क्षण
वेदांता एल्यूमीनियम बिजनेस के सीईओ प्रणब कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, पूरे कालाहांडी समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। सही प्रशिक्षण और सहयोग से प्रतिभा निखरती है। हमारा प्रयास है कि स्थानीय खिलाड़ियों को एक मजबूत मंच देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाए।
ग्रामीण युवाओं को मिल रहा संबल
वेदांता एल्यूमीनियम अब तक तीरंदाजी, हॉकी, कराटे और फुटबॉल जैसे खेलों में 500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित कर चुका है। वहीं इसकी सामाजिक परियोजनाओं ने 500 गांवों के 4.5 लाख लोगों के जीवन को शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और संस्कृति के क्षेत्र में बेहतर बनाया है। कंपनी की ‘नंद घर’ परियोजना के तहत ओडिशा में 531 आधुनिकीकृत आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो महिला और बाल विकास को गति दे रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।