Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में हिमाचल जैसी तबाही, कलिंगा घाटी में भीषण भूस्खलन; 3 राज्यों के बीच यातायात पूरी तरह ठप

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 09:52 PM (IST)

    ओडिशा के कंधमाल जिले की कलिंगा घाटी में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग-157 बाधित हो गया है जिससे ओडिशा छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच यातायात ठप है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ का हिस्सा ढह गया। गंजाम से कंधमाल होते हुए पश्चिमी ओडिशा का संपर्क टूट गया है। राहत की बात यह है कि कोई जनहानि नहीं हुई है।

    Hero Image
    ओडिशा में हिमाचल जैसी तबाही, कलिंगा घाटी में भीषण भूस्खलन

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। देशभर में प्रकृति का कहर लगातार जारी है। ओडिशा में भी हिमाचल और उत्तराखंड जैसी स्थिति देखने को मिली है। कंधमाल जिले की कलिंगा घाटी में मंगलवार दोपहर बड़ा भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-157 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भूस्खलन के चलते ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सड़क पर सैकड़ों ट्रक, बस और कारें फंसी रहीं। यात्रियों में दहशत का माहौल है।

    बारिश से ढहा पहाड़

    लगातार हो रही बारिश के बीच दोपहर करीब तीन बजे अंधारकोट के पास पहाड़ दरक गया। विशाल चट्टानें और मिट्टी सड़क पर गिरने से 20 से 30 मीटर तक मार्ग धंस गया। इस स्थान पर लंबे समय से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था।

    पश्चिम ओडिशा का संपर्क टूटा

    भूस्खलन के कारण गंजाम से कंधमाल होते हुए पश्चिमी ओडिशा के कई शहरों का संपर्क टूट गया है। संकीर्ण रास्ते पर चारों ओर मिट्टी और चट्टानों के ढेर लगने से यातायात बहाल करना जोखिम भरा साबित हो रहा है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि सड़क कब तक खुलेगी।

    राहत की बात, जनहानि नहीं

    सौभाग्य से इस हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। खबर मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है।

    उत्तराखंड-हिमाचल जैसी तस्वीर

    गौरतलब है कि इस वर्ष उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश के बाद कई जगह भूस्खलन हुआ था। वहां बड़ी संख्या में लोगों की जान और संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। अब ओडिशा में भी वही खौफनाक नजारा देखने को मिला है।