Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'डबल इंजन' सरकार पर बरसे नवीन पटनायक, कहा- किसानों से किए वादे निकले खोखले

    Updated: Wed, 25 Feb 2026 11:49 AM (IST)

    नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर में किसान समावेश में 'डबल इंजन' सरकार पर किसानों के मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव वादे पूर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    डबल इंजन सरकार पर बरसे नवीन पटनायक

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। किसानों के अधिकारों को लेकर बीजू जनता दल (बीजेडी) की ओर से लोअर पीएमजी में आयोजित किसान समावेश में विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता को सेवा चाहिए, नेताओं के लंबे प्रवचन नहीं। सरकार भाषणों से नहीं, ठोस काम से चलती है।

    हजारों किसानों को संबोधित करते हुए नवीन पटनायक ने कहा कि मौजूदा सरकार जल्द ही अपने दो वर्ष पूरे करने जा रही है, लेकिन इतने समय में न तो ठोस निर्णय लिए गए और न ही उन्हें जमीन पर लागू किया गया। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, पर आज किसानों को उनका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

    किसानों के लिए अलग बजट की व्यवस्था 

    उन्होंने कहा कि बीजेडी सरकार के कार्यकाल में किसानों के लिए अलग बजट की व्यवस्था की गई थी। कालिया योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता और ऋण सुविधा दी गई, साथ ही सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूत किया गया। नवीन ने सवाल किया कि मौजूदा डबल इंजन सरकार ने किसानों के हित में क्या किया है।

    पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इस वर्ष किसानों को समय पर खाद नहीं मिली और धान की खरीद भी ठीक से नहीं हो रही है। कटौती लगातार बढ़ रही है और किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल पा रहा। जब किसान अपनी समस्या उठाते हैं, तो सरकार उन्हें ही झूठा बता देती है।

    सरकार को पत्र लिखकर कई सुझाव दिए

    नवीन पटनायक ने बताया कि उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखकर कई सुझाव दिए थे, जिनमें कटौती रोकने के लिए विशेष स्क्वाड गठन, 48 घंटे में डीबीटी भुगतान और खुले में पड़े धान को 72 घंटे के भीतर खरीदने जैसे प्रस्ताव शामिल थे, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

    उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि राज्य में हालात बिगड़ चुके हैं। किसान, महिलाएं और युवा सभी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। परीक्षाओं में लगातार प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं और आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि बीजेडी किसानों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी और सरकार की कुंभकर्णी नींद तोड़कर रहेगी।

    women achievers
    women achievers

    बड़ी खबरें