अमेरिकी चेस खिलाड़ी को यौन शोषण के खिलाफ बोलने पर किया गया था जलील, अब पोकर से करोड़ों रूपए जीतकर लिख रहीं किताब
जेनिफर शहाडे ने फरवरी 2023 में अमेरिकी चेस ग्रैंडमास्टर एलेजांद्रो रामिरेज पर यौन शोषण के आरोप लगाए, जिससे शतरंज जगत में मी टू आंदोलन शुरू हुआ। उनकी ह ...और पढ़ें

जेनिफर शहाडे
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। फरवरी 2023 में दो बार की अमेरिकी महिला चेस चैंपियन जेनिफर शहाडे ने एक ऐसा खुलासा किया, जिसने शतरंज की शांत और गंभीर मानी जाने वाली दुनिया में भूचाल ला दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अब समय समाप्त लिखते हुए अमेरिकी चेस फेडरेशन के मशहूर ग्रैंडमास्टर और कोच एलेजांद्रो रामिरेज पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए। शहाडे ने बताया कि रामिरेज ने करीब एक दशक पहले उनका दो बार शारीरिक शोषण किया था।
इस एक पोस्ट ने न सिर्फ शहाडे की जिंदगी बदल दी, बल्कि चेस की दुनिया में मी टू मूवमेंट की नींव रख दी। शहाडे की इस हिम्मत को देखकर शतरंज जगत की कई अन्य लड़कियां भी सामने आईं। जल्द ही आठ अन्य महिलाओं ने भी रामिरेज पर इसी तरह के आरोप लगाए, जिनमें से तीन तो घटना के वक्त नाबालिग थीं। इसके बाद 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने एक विस्तृत रिपोर्ट छापी, जिसके दबाव में आकर रामिरेज को अपना कोचिंग का पद और यूएस चेस फेडरेशन से इस्तीफा देना पड़ा। शहाडे की इस पहल का असर दुनिया भर में दिखा।
फ्रांस में महिला खिलाड़ियों ने किए खुलासे
फ्रांस में100 से ज्यादा महिला खिलाड़ियों ने शोषण और लिंगभेद के खिलाफ ओपन लेटर लिखा। मैग्नस कार्लसन की बहन एलेन कार्लसन ने भी कहा कि शहाडे की पोस्ट के बाद वे अपने साथ हुए कथित उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करा सकीं। हालांकि, शहाडे के लिए यह सच सामने लाना आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि 2020 से 2022 के बीच यूएस फेडरेशन को रामिरेज के खिलाफ कई बार आगाह किया था, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर जलील किया गया। बाद में उन्हें फेडरेशन की तरफ से कानूनी नोटिस भी भेजा गया कि वे युवा खिलाड़ियों से संपर्क न करें।
फेडरेशन के रवैये, धमकियों और अपनी साख पर उठते सवालों के कारण उन्होंने अंततः यूएस चेस छोड़ दिया। शतरंज में महिलाओं की भागीदारी हमेशा से कम रही है। अब भी क्लासिकल चेस खेलने वालों में सिर्फ 11% और ग्रैंडमास्टर्स में केवल 2% महिलाएं हैं। शहाडे मानती हैं कि महिलाओं को स्कूलों, समाज और यहां तक कि इंटरनेट के एल्गोरिदम द्वारा भी हतोत्साहित किया जाता है। जब वे सोशल मीडिया पर चेस के वीडियो डालती हैं, तो एल्गोरिदम उसे 95 से 99 प्रतिशत पुरुषों को ही दिखाता है, लड़कियों को नहीं।
पोकर से जीते करोड़ों रूपए
अब 45 वर्षीय शहाडे प्रतिस्पर्धी चेस से दूर हैं। वे पेशेवर पोकर और लेखन पर पूरा ध्यान दे रही हैं। उनकी नई किताब 'थिंकिंग साइडवेज' रिलीज हुई है, जिसमें चेस और पोकर से मिली सीख का जिक्र है। इसी सीख का इस्तेमाल कर उन्होंने लास वेगास के एक बड़े पोकर टूर्नामेंट में हाल ही में करीब 2.4 करोड़ रुपए जीते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।