अंजलि शेखावत ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण, कनक ने जूनियर वर्ग में भी किया कमाल
राजस्थान की अंजलि शेखावत ने 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह स्मृति निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। हरिय ...और पढ़ें

अंजलि शेखावत ने जीता स्वर्ण पदक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली: राजस्थान की अंजलि शेखावत ने सोमवार को 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह स्मृति निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
अंजलि क्वालीफिकेशन में 576 अंक के साथ चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 240.5 के स्कोर से शीर्ष स्थान हासिल किया। हरियाणा की कनक ने 238.7 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता जबकि पंजाब की अगम रंजीत कौर ग्रेवाल ने 216 के स्कोर से कांस्य पदक हासिल किया।
क्वालीफिकेशन ईशा सिंह का जलवा
क्वालीफिकेशन दौर में तेलंगाना की ओलंपियन ईशा सिंह 582 अंक के साथ शीर्ष पर रही थीं। हालांकि ईशा सिंह और मध्य प्रदेश की महिमा तुर्ही अग्रवाल ने फाइनल में हिस्सा नहीं लिया। तुर्ही ने 575 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए क्वालीफाई किया था।
10 मीटर एयर पिस्टल में भी चमकीं कनक
महिला वर्ग की रजत पदक विजेता कनक ने 10 मीटर एयर पिस्टल जूनियर महिला वर्ग में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और 238.4 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
हरियाणा की प्रियांशी पूर्वा ने 237.5 के स्कोर से रजत पदक जीता जबकि हरियाणा की ही केतन ने 216.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीतकर राज्य के लिए क्लीन स्वीप पूरा किया। टीम स्पर्धा में हरियाणा की प्रियांशी पूर्वा, नव्या और सुरभि राव की तिकड़ी ने 1718 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।