राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी को विदेश में अंतिम रूप देंगे भारतीय एथलीट
भारतीय एथलीट ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए विदेश में अंतिम तैयारी कर रहे हैं। खेल मंत्रालय के सहयोग से विभिन्न टीमों के 126 खिलाड़ी आयरलैंड, पोलैंड ...और पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टीम तैयार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली: ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में कुछ ही दिन शेष हैं और भारतीय खेल मंत्रालय भी एथलीटों की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ रहा। मंत्रालय की ओर से आयरलैंड से लेकर पोलैंड में तैयारियों के लिए इंतजाम किया गया है।
सभी विदेशी प्रशिक्षण शिविरों को खेल मंत्रालय के वार्षिक प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण कैलेंडर (एसीटीसी) और टारगेट ओलिंपिक पोडियम योजना (टाप्स) तहत मंजूरी दी गई है। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में सक्षम खिलाड़ियों के लिए 10 और पैरा खिलाड़ियों के लिए छह खेल शामिल किए गए हैं। इस बार 74 देशों के लगभग 3000 खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा लेंगे। 23 जुलाई से दो अगस्त तक होने वाले इन खेलों में भारत के 126 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा उम्मीदें
भारतीय दल में सबसे बड़ा जत्था एथलेटिक्स का होगा, जिसमें 32 खिलाड़ी शामिल हैं। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, फर्राटा धावक गुरिंदरवीर सिंह, लंबी दूरी के धावक गुलवीर और स्टीपलचेज धाविका पारुल चौधरी सहित पूरी टीम जल्द ही पोलैंड के स्पाला ओलिंपिक प्रशिक्षण केंद्र पहुंचेगी। वहां अभ्यास के बाद खिलाड़ी 25 जुलाई को ग्लासगो पहुंचेंगे। टीम के साथ 14 सदस्यीय सहयोगी स्टाफ भी रहेगा।
जल्द रवाना होंगे मुक्केबाज
14 सदस्यीय भारतीय मुक्केबाजी टीम 10 जुलाई को आयरलैंड के बेलफास्ट रवाना होगी और 21 जुलाई को तैराकों के साथ ग्लासगो पहुंचेगी। तैराकी में बटरफ्लाई विशेषज्ञ साजन प्रकाश पहले से ही स्कॉटलैंड की राजधानी एडिनबरा में तीन सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर में हैं। बाकी तैराक 16 जुलाई को स्कॉटलैंड या इंग्लैंड में अभ्यास के लिए रवाना होंगे। भारोत्तोलन टीम 28 जून को बर्मिंघम के वार्ले वेटलिफ्टिंग क्लब पहुंच चुकी है और 22 जुलाई तक वहीं अभ्यास करेगी।
खबरें और भी
इसी तरह छह सदस्यीय साइकिलिंग टीम फिलहाल फ्रांस में प्रशिक्षण ले रही है और 26 जुलाई तक वहीं रहेगी। 14 सदस्यीय जूडो टीम जापान की त्सुकुबा यूनिवर्सिटी में 17 जुलाई तक अभ्यास करेगी। चार पुरुष और चार महिलाओं वाली आठ सदस्यीय जिम्नास्टिक टीम इंग्लैंड के साउथ एसेक्स जिम्नास्टिक्स क्लब में तैयारी कर रही है। ये टीमें 20 जुलाई को खेल गांव में प्रवेश करेंगी।
वहीं लॉन बॉल्स की छह सदस्यीय टीम दिल्ली में अभ्यास पूरा करने के बाद ग्लासगो पहुंच चुकी है और प्रतियोगिता से पहले वहीं अंतिम तैयारियां कर रही है। पैरा खिलाड़ियों की तैयारियां भी जोरों पर हैं। पैरा एथलेटिक्स टीम का प्रशिक्षण बेंगलुरु स्थित के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में चल रहा है। पैरा तैराक गांधीनगर और दिल्ली स्थित साई केंद्रों में अभ्यास कर रहे हैं, जबकि 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबाल टीम ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही है।
ऐसा रहा है पिछला प्रदर्शन
पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 22 स्वर्ण सहित कुल 61 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया था। इस बार प्रतियोगिताओं की संख्या कम होने से पदकों की कुल संख्या भी कम रहेगी, लेकिन भारतीय दल बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ ग्लासगो पहुंचने की तैयारी में जुटा है।