All England Championship: लक्ष्य सेन किया बड़ा उलटफेर, गत चैंपियन युकी को कड़े मुकाबले में दी मात
भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप की शानदार शुरुआत की और गत चैंपियन शी युकी को मात दी। लक्ष्य ने एक घंटे 18 मिनट ...और पढ़ें

लक्ष्य सेन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, बर्मिंघम। भारत के लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन ओपन 2026 के पहले ही दिन गत चैंपियन चीनी खिलाड़ी शी युकी को हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया। मंगलवार को पुरुष सिंगल्स के पहले दौर के मुकाबले में लक्ष्य ने एक घंटे 18 मिनट में कड़े संघर्ष के बाद युकी को 23-21, 19-21, 21-17 से हराया।
लक्ष्य 2022 में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे। यह युकी के विरुद्ध लक्ष्य की दूसरी और व्यक्तिगत रूप से पहली जीत है। इससे पहले अल्मोड़ा के इस खिलाड़ी ने चीनी प्रतिद्वंद्वी को एशियन गेम्स टीम चैंपियनशिप में हराया था।
लक्ष्य-युकी की जोरदार टक्कर
लक्ष्य ने तेज शुरुआत की और ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली। उन्होंने इसे 17-12 लेकिन शी युकी जोरदार वापसी करते हुए तीन गेम प्वाइंट बचाए और 20-20 पर बराबरी हासिल कर ली। लक्ष्य ने चौथा गेम प्वाइंट भी गंवाया। चीन के खिलाड़ी ने हालांकि बैकहैंड शॉट नेट पर उलझाकर लक्ष्य को पांचवां गेम प्वाइंट दिया।
भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद क्रॉस कोर्ट स्मैश के साथ गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन युकी ने इसे 21-19 से जीतकर मुकाबले को तीसरे और निर्णायक गेम में खींचा।
भारतीय शटलर ने जीता मैच
निर्णायक गेम में 6-6 के स्कोर के बाद शी युकी ने कुछ देर के लिए बढ़त बनाई लेकिन लक्ष्य ब्रेक तक 11-9 की बढ़त हासिल करने में सफल रहे। लक्ष्य ने इस बढ़त को 16-11 किया और फिर स्मैश के साथ 18-14 से आगे हो गए।
लक्ष्य ने शानदार विनर के साथ 19-16 की बढ़त बनाई और फिर चार मैच प्वाइंट हासिल किए। शी युकी ने एक मैच प्वाइंट बचाया लेकिन इसके बाद शॉट बाहर मारकर मैच को भारतीय खिलाड़ी की झोली में डाल दिया।
अन्य भारतीयों का प्रदर्शन
महिला सिंगल्स में भारत की मालविका बंसोड को चीन की चेन यू फेई के विरुद्ध एकतरफा मुकाबले में 11-21, 6-21 से हार झेलनी पड़ी। वहीं मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी ने हू पेंग रोन और चेंग सू यिन की मलेशिया की जोड़ी को 21-17, 21-19 से हराया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।