विनेश फोगाट ने जताई पक्षपात की आशंका, WFI ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने गोंडा में होने वाले राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का स्थल न बदलने और पहलवान विनेश फोगाट ...और पढ़ें
-1777820309900_m.webp)
विनेश फोगाट को मिला आश्वासन

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, नई दिल्ली: भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष संजय सिंह ने रविवार को जोर देकर कहा कि गोंडा में होने वाले राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट का स्थल नहीं बदला जाएगा और उन्होंने विनेश फोगाट की सुरक्षा की व्यक्तिगत गारंटी दी है।
उनका यह आश्वासन तब दिया गया जब इस दिग्गज पहलवान की सुरक्षा और पक्षपात को लेकर आशंकाएं व्यक्त की जा रही थीं। विनेश ने रविवार को चेतावनी दी कि गोंडा में आगामी राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के दौरान उनके या उनकी टीम के सदस्यों के साथ कुछ भी अप्रिय घटना होने पर भारत सरकार जिम्मेदार होगी। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में पक्षपातपूर्ण फैसलों की आशंका भी जताई।
विनेश ने जारी किया वीडियो
विनेश ने लगभग 18 महीनों के बाद वापसी करने से पहले एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि बृज भूषण शरण सिंह से जुड़े स्थल पर होने वाली प्रतियोगिता के परिणामों पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व प्रमुख के करीबी लोग प्रभाव डाल सकते हैं। संजय सिंह ने बताया कि अगर विनेश को अपनी सुरक्षा की चिंता है तो मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि मैं इसकी व्यक्तिगत गारंटी ले रहा हूं। इसके साथ ही हमारे पास यूडब्ल्यूडब्ल्यू द्वारा अनुमोदित रेफरी हैं, जो मुकाबलों का संचालन करते हैं और सभी ट्रायल मुकाबलों की रिकार्डिंग की जाती है। इसलिए पक्षपात की कोई संभावना नहीं है।
हिस्सा लेने का फैसला विनेश का
उन्होंने कहा कि मैं यह भी कहना चाहता हूं कि यह एक ओपन टूर्नामेंट है, जो अनिवार्य नहीं है। इसमें प्रतिस्पर्धा करने का उनका अपना विकल्प है। हम आयोजन स्थल नहीं बदलेंगे। राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट 10 से 12 मई तक आयोजित होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत पुरुषों के फ्रीस्टाइल ट्रायल से होगी, जिसके बाद ग्रीको-रोमन (11 मई) और महिलाओं की स्पर्धा (12 मई) होगी। विनेश इस प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।