Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    NDA के 19 प्रत्याशी निर्विरोध पहुंचे राज्यसभा, नटराजन पर आज होगा फैसला; क्या है नंबर का गेम?

    Updated: Fri, 12 Jun 2026 06:58 AM (IST)

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और भाजपा नेता सतीश पूनिया व तरुण चुघ समेत 24 उम्मीदवार राज्य ...और पढ़ें

    राजग के 19 प्रत्याशी निर्विरोध पहुंचे राज्यसभा (फोटो- पीटीआई)

    राजग के 19 प्रत्याशी निर्विरोध पहुंचे राज्यसभा (फोटो- पीटीआई)

    HighLights

    1. खरगे और खेड़ा समेत कांग्रेस के पांच उम्मीदवार भी निर्विरोध चुने गए 

    2. मीनाक्षी का नामांकन रद होने से मप्र में भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्वाचित

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और भाजपा नेता सतीश पूनिया व तरुण चुघ समेत 24 उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए है।

    उच्च सदन की 27 सीटों में से तीन को छोड़कर बाकी सभी सीटों के नतीजे तय हो गए। इनमें से 19 सीटों पर राजग और पांच सीटों पर कांग्रेस को सफलता मिली है। गुरुवार को 10 राज्यों की 24 सीटों और महाराष्ट्र, ओडिशा व तमिलनाडु की एक-एक सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच की गई।

    मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त 

    भोपाल से नईदुनिया राज्य ब्यूरो के अनुसार, मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने और इस पर निर्वाचन आयोग व सुप्रीम कोर्ट से कोई राहत नहीं मिलने के बाद भाजपा के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

    भाजपा के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को नाम वापसी की समय सीमा पूरी होने के बाद गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे रिटर्निंग आफिसर अरविंद शर्मा ने निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र भी सौंप दिया।

    वैसे, भाजपा दो और कांग्रेस एक सीट जीतने की स्थिति में थी। लेकिन, आपराधिक प्रकरण का उल्लेख नहीं करने से मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र मंगलवार को निरस्त कर दिया गया था। इसके साथ ही भाजपा के तीनों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन सिर्फ औपचारिकता रह गई।

    मल्लिकार्जुन खरगे निर्विरोध चुने गए

    प्रेट्र के अनुसार, कर्नाटक से राज्यसभा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत पार्टी के तीन उम्मीदवारों और भाजपा के एक उम्मीदवार को निर्विरोध चुन लिया गया। खरगे और पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा समेत चार सदस्यों का कार्यकाल 25 जून को खत्म हो रहा है।

    खबरें और भी

    चार सीटों पर पांच प्रत्याशी मैदान में थे। लेकिन, जांच के दौरान एक निर्दलीय उम्मीदवार का नाम खारिज कर दिया गया। इसके बाद सभी चार उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

    खरगे के अलावा अन्य निर्वाचित सदस्यों में कांग्रेस सचिव मंसूर अली खान, पवन खेड़ा और भाजपा के एम नागराज शामिल हैं। राज्यसभा चुनाव के इस दौर के साथ ही संसद में देवेगौड़ा की पांच दशकों से ज्यादा लंबी पारी खत्म हो जाएगी।

    गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा के सभी चार उम्मीदवार-राजूभाई शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेशभाई राठवा और जितेंद्र कंजारिया निर्विरोध चुन लिए गए। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा था।

    आंध्र प्रदेश से राजग के चारों उम्मीदवार चुन लिए गए। निर्वाचन अधिकारी आर वनिता रानी ने बश्याम रामकृष्ण, लिंगमनेनी रमेश, सी. विजय और सना सतीश बाबू के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इनमें रामकृष्ण, विजय और सतीश बाबू तेदेपा से हैं, जबकि रमेश जनसेना से हैं।

    राजस्थान में तीनों उम्मीदवार-भाजपा के सतीश पूनिया और अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी चुने गए। डांगी और भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को खत्म होने वाला है।

    नेशनल पीपुल्स पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेम्स के संगमा को मेघालय की एकमात्र सीट के लिए चुन लिया गया। वह मुख्यमंत्री कानराड संगमा के भाई हैं। मणिपुर से भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष अधिकारिमयुम शारदा देवी और अरुणाचल प्रदेश से वरिष्ठ भाजपा नेता ताई तागाक को चुन लिया गया।

    महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के इस्तीफे से खाली हुई सीट के लिए हुए उपचुनाव में राकांपा के राजेंद्र जैन चुने गए।ओडिशा में भाजपा उम्मीदवार देबाशीष सामंतराय को चुना गया।

    तमिलनाडु से कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण चक्रवर्ती को चुना गया

    सामंतराय बीजद छोड़ने और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद 26 मई को भाजपा में शामिल हुए थे। उपचुनाव के लिए वह अकेले उम्मीदवार थे। तमिलनाडु से कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण चक्रवर्ती को चुना गया। उन्हें सत्ताधारी टीवीके के समर्थन से यह जीत मिली है।

    झारखंड की दो और मिजोरम की एक सीट पर चुनाव 18 को

    झारखंड की दो सीटों और मिजोरम की एक सीट के लिए चुनाव 18 जून को होगा। इनमें झारखंड में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। यहां पर झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय परिमल नाथवानी चुनाव मैदान में हैं।

    नाथवानी को भाजपा का समर्थन हासिल है। मिजोरम में एकमात्र सीट के लिए सत्ताधारी जोरम पीपुल्स मूवमेंट के प्रवक्ता के लालतलुआंगकिमा और मुख्य विपक्षी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट की जोथानसांगी हमार मैदान में हैं।