Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, सरदार पटेल को जानबूझकर नजरअंदाज करने का लगाया आरोप

    Updated: Thu, 30 Oct 2025 11:30 PM (IST)

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर सरदार वल्लभभाई पटेल को जानबूझकर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पटेल के योगदान को कम करके आंका। शाह ने देश को एकजुट करने में सरदार पटेल की भूमिका को सराहा और कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।

    Hero Image

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। (फाइल)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को स्वतंत्रता के बाद भारत को एकजुट करने में सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाने के लिए भव्य समारोहों की घोषणा की। इसके साथ ही कांग्रेस पर जानबूझकर सरदार पटेल को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि सरदार पटेल की मृत्यु के बाद कांग्रेस ने उन्हें भुलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सरदार पटेल जैसे महान व्यक्तित्व को भारत रत्न देने में 41 वर्षों की देरी हुई। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि कांग्रेस पार्टी उनका सम्मान नहीं करती। सरदार पटेल जैसे महान व्यक्तित्व की देश में न तो कोई समाधि बनी और न ही कोई स्मारक। जब नरेन्द्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार पटेल मेमोरियल का निर्माण कराया। यह एक भव्य स्मारक है, जो विश्व स्तर पर प्रसिद्ध हो गया है।

    सरदार पटेल ने भारत को एकजुट करने में बड़ा योगदान दिया- शाह

    एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने स्वतंत्रता के बाद भारत को एकजुट करने में बड़ा योगदान दिया। 31 अक्टूबर को उनकी 150वीं जयंती है। इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह बहुत खास और अनोखा होगा। इसमें एक भव्य परेड भी निकलेगी। इस वर्ष से हर 31 अक्टूबर को एक भव्य परेड आयोजित की जाएगी। परेड में केंद्रीय बलों के साथ राज्य पुलिस बल अपनी क्षमताओं, अनुशासन और साहस का प्रदर्शन करेंगे।

    केवड़िया में होंगा भव्य समारोह, पीएम मोदी करेंगे शिरकत

    नर्मदा जिले के केवड़िया कालोनी एकता नगर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में पीएम मोदी शिरकत करेंगे। शाह ने कहा कि जैसे गणतंत्र दिवस पर परेड आयोजित की जाती है, उसी तरह हर वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भी होगा। उन्होंने एक से 15 नवंबर तक एकता नगर में दो सप्ताह तक चलने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी घोषणा की।

    एक से 15 नवंबर तक एकता नगर में भारत पर्व का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न राज्य भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित 'रन फार यूनिटी ' पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जाएगा। इसे देश के हर राज्य, केंद्र शासित प्रदेश, जिला, पुलिस स्टेशनों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है।

    (समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)