बिहार में I.N.D.I गठबंधन की हार को BJP ने बताया दंड, SIR के मुद्दे को उछालना कांग्रेस के लिए पड़ा भारी?
भाजपा ने कांग्रेस पर बिहार में महागठबंधन की हार का ठीकरा मतदाता सूची पर फोड़ने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि जनता ने देश विरोधी गतिविधियों और समाज को बांटने की कोशिशों के लिए विपक्षी गठबंधन को दंडित किया है। भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि बिहार के लोगों ने राजग को विकास के लिए चुना है और प्रधानमंत्री मोदी पर अपना विश्वास जताया है।
-1763224998775.webp)
बिहार में INDI गठबंधन की हार को BJP ने बताया दंड (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह बिहार में महागठबंधन की करारी शिकस्त के लिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को दोषी ठहरा रही है जबकि हकीकत ये है कि लोगों ने देश को बदनाम करने और जाति और धर्म के आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने के लिए विपक्षी गठबंधन को दंडित किया है।
बिहार चुनावों में 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग के 202 सीटें जीतने के बाद राहुल गांधी शुक्रवार को बड़े पैमाने पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया था और कहा था कि हम एक ऐसे चुनाव में जीत नहीं हासिल कर सके जो शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था।
इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि बिहार के लोगों ने राजग को स्पष्ट जनादेश देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि वे आजीविका, समृद्धि और विकास चाहते हैं न कि विपक्ष का जंगलराज, माफिया, मुस्लिम लीग तथा नक्सलियों की राजनीति।
इंडी गठबंधन के लिए बताया दंड
चुघ ने कहा, ''लोगों ने आपको आपके देश विरोधी कृत्यों के लिए दंडित किया है। लोगों ने आपको देश के खिलाफ बोलने, देश को बदनाम करने और सांप्रदायिक और जातीय आधार पर देश को विभाजित करने के लिए सजा दी है।"
साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार का जनादेश आइएनडीआइए के लिए एक दंड है। राजग को विशाल जनादेश देने के साथ लोगों ने यह संदेश भी दिया है उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार की ''नीति और इरादे'' पर अडिग विश्वास है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।