Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'तो क्या राहुल-प्रियंका और डिंपल यादव इस्तीफा देंगे?', अनुराग ठाकुर का दावा- मैनपुरी, रायबरेली सहित इन सीटों पर कई फर्जी मतदाता

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 08:22 PM (IST)

    भाजपा ने मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर विपक्ष को करारा जवाब दिया। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी प्रियंका गांधी वाड्रा अखिलेश यादव अभिषेक बनर्जी और एमके स्टालिन की सीटों पर संदिग्ध वोटों के आंकड़े पेश किए। उन्होंने वायनाड रायबरेली कन्नौज मैनपुरी डायमंड हार्बर और कोलाथुर में संदिग्ध मतदाताओं की संख्या पर सवाल उठाए।

    Hero Image
    भाजपा का पलटवार: विपक्षी नेताओं के सीटों पर संदिग्ध वोटों का दिया आंकड़ा, मांगा इस्तीफा।(फोटो सोर्स: पीटीआई)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर विपक्ष के हमले का भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अभिषेक बनर्जी और एमके स्टालिन की सीटों पर संदिग्ध वोटों के आंकड़ों का दावा पेश किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रायबरेली, वाडनाड, कन्नौज, मैनपुरी, डायमंड हार्बर और कोथापुर की सीटों पर संदिग्ध वोटों का पीपीटी प्रजेंटेशन करते हुए उन्होंने सवाल किया कि क्या ये नेता अपने-अपने सीटों से इस्तीफा देंगे।

    वायनाड लोकसभा सीट पर 93,499 संदिग्ध मतदाता का दावा: अनुराग ठाकुर

    ध्यान देने की बात है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते बेंगलुरू सेंट्रल लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से अधिक संदिग्ध मतदाता होने का आरोप लगाया था।

    अनुराग ठाकुर में वायनाड लोकसभा सीट पर 93,499 संदिग्ध मतदाता होने का दावा किया। इस सीट से 2019 और 2024 में राहुल गांधी और बाद में उपचुनाव में प्रियंका गांधी जीती थीं। उनके अनुसार इन संदिग्ध मतदाताओं में से 20,365 डुप्लीकेट मतदाता हैं, जो दो या उससे अधिक बूथ पर मतदाता है।

    इसके साथ ही 70,450 मतदाताओं के आवासीय पता फर्जी है और 51,365 मतदाताओं का नाम थोक में सूची में शामिल किया गया है। यही नहीं, इनमें 99 साल की तीन महिलाएं पहली बार मतदाता बनी हैं।

    ठाकुर ने सवाल उठाया कि कहीं इन्हीं संदिग्ध मतदाताओं के कारण राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वायनाड को अपने लिए सुरक्षित सीट तो नहीं मानती हैं। उन्होंने रायबरेली सीट, जहां से राहुल गांधी अभी सांसद है, पर भी बड़ी संख्या में फर्जी मतदाता होने के दावे पेश किए।

    मैनपुरी सीट पर भी संदिग्ध मतदाता: अनुराग ठाकुर 

    अनुराग ठाकुर में अखिलेश यादव की सीट कन्नौज और डिंपल यादव की सीट मैनपुरी सीट पर भी क्रमश: 2,91,798 और 2,22,914 संदिग्ध मतदाता होने का आरोप लगाया। कन्नौज से अखिलेश यादव 1,70,922 वोटों से और मैनपुरी से डिंपल यादव 2,21,639 वोट से जीती थी।

    उन्होंने बताया कि कन्नौज सीट पर 120 साल की रोजी बेगम, 107 साल के मुफरीद के पहली बार वोटर बने। जीत के अंतर से संदिग्ध मतदाताओं की संख्या अधिक होने का हवाला देते हुए ठाकुर ने सवाल उठाया कि क्या दोनों इस्तीफा देंगे।

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की लोकसभा सीट डायमंड हार्बर में भी 2,59,779 संदिग्ध वोटर होने का दावा करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि संदिग्ध मतदाताओं के नामों से साफ होता है कि बड़ी संख्या में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल किया गया है।

    इसमें मिक्स हाउसहोल्ड में 43,947 और थोक में 56,564 मतदाता सूची में जोड़ दिये गए। इसी तरह से उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन की कोलाथुर विधानसभा में भी 19,476 संदिग्ध मतदाता होने का दावा किया, जिनमें 9,133 के आवासीय पता कथित तौर पर फर्जी है।

    ठाकुर ने फर्जी मतदाता सूची पर विपक्ष के हंगामे को ''चोर मचाए शोर'' की मिसाल बताते हुए कहा कि इस खेल का पर्दाफाश करने वाले कर्नाटक के दलित नेता राजन्ना को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया गया।

    चुनाव आयोग और भाजपा के बीच मिलीभगत के राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में तो पूरे चुनाव आयोग पर कब्जा कर लिया जाता था। इस सिलसिले में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त रहे नवीन चावला और एमएस गिल का उदाहरण दिया। एमएस गिल को सेवानिवृत होने के बाद कांग्रेस ने राज्यसभा में भेजा और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री बना दिया। 

    यह भी पढ़ें- 'बिहार SIR वोटर के खिलाफ...', अभिषेक मनु सिंघवी के दलील पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?