Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमेरिका में करियर छोड़ राजनीति में आए भाजपा नेता अनंतन अय्यासामी, हार के बाद किया भावुक पोस्ट

    Updated: Sat, 09 May 2026 07:48 PM (IST)

    अमेरिका में सफल करियर छोड़कर जनसेवा के लिए भारत लौटे भाजपा नेता अनंतन अय्यासामी ने चुनाव हारने के बाद एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने चार साल गांवों ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    हार के बाद भाजपा नेता का भावुक पोस्ट वायरल (फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में सफल टेक्नोलॉजी करियर और रियल एस्टेट कारोबार छोड़कर जनसेवा के लिए भारत लौटे भाजपा नेता अनंतन अय्यासामी की भावुक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तमिलनाडु के तेनकासी जिले के रहने वाले अय्यासामी पहले इंटेल कंपनी में इंजीनियर थे। बाद में उन्होंने राजनीति में आने का फैसला किया और भाजपा से जुड़ गए।

    अनंतन अय्यासामी को भाजपा ने 2026 विधानसभा चुनाव में वासुदेवनल्लूर (एससी) सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, उन्हें डीएमके के ई. राजा से करीब 6500 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव हारने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखी, जिस पर लोगों की काफी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।

    अय्यासामी ने लिखा कि पिछले चार वर्षों में उन्होंने गांवों में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए और अपना पूरा समय लोगों की सेवा में लगाया। उनका सपना करीब एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का था।

    गांवों में कराए कई विकास कार्य

    उन्होंने बताया कि बीते चार सालों में गांवों में बस स्टॉप बनवाए गए, तालाबों का जीर्णोद्धार कराया गया, छात्रों की पढ़ाई में मदद की गई और मेडिकल कैंप व करियर वर्कशॉप आयोजित कराई गईं। उन्होंने कहा कि इसमें सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि परिवार के साथ बिताने वाले अनमोल पल भी शामिल थे।

    खबरें और भी

    अय्यासामी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि चुनाव के दौरान उसी गांव ने ऐसे उम्मीदवार को चुना, जो पांच साल में मुश्किल से वहां दिखाई दिया। उन्होंने कहा, "आखिरकार, चुनाव के एक हफ्ते के पैसों ने चार साल की सच्ची सेवा को हरा दिया।"

    बेटी के सवाल ने किया भावुक

    उन्होंने बताया कि चार साल पहले उन्होंने अपनी 12 साल की बेटी से कहा था कि वह अमेरिका छोड़कर भारत लौट रहे हैं ताकि राजनीति और जनसेवा में काम कर सकें। हार के बाद उनकी बेटी ने वीडियो कॉल पर पूछा, "अप्पा, क्या अब आप मुझे बता सकते हैं कि राजनीति वास्तव में क्या होती है?"

    अय्यासामी ने लिखा कि जीवन में पहली बार उनके पास अपनी बेटी के इस सवाल का कोई जवाब नहीं था। उनकी इस पोस्ट पर सोशल मीडिया पर कई लोगों ने समर्थन जताया। एक यूजर ने लिखा, "निष्काम भाव से काम करते रहिए, आपका दिन जरूर आएगा।" वहीं दूसरे यूजर ने कहा, "राजनीति एक कड़वी सच्चाई है, यहां सब कुछ सही करने के बाद भी जीत जरूरी नहीं होती।"

    सरकार बनाने की जद्दोजहद! चौथी बार राज्यपाल से मिलने पहुंचे विजय, 120 विधायकों के समर्थन का दावा