राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा: भाजपा बोली- 'घूमने निकले LoP; प्रियंका ने किया पलटवार
राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा पर भाजपा ने निशाना साधा और उन्हें 'घूमने निकले LoP' बताया। इस पर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया। भाजपा ने राहुल गांधी की य ...और पढ़ें

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी। (फाइल)
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी शीत सत्र के आखिरी हफ्ते के दौरान जर्मनी की यात्रा पर जाएंगे जहां वे भारतवंशियों के साथ सीधा संवाद करने के साथ ही जर्मनी की सरकार के कुछ मंत्रियों-नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
भाजपा ने नेता विपक्ष की संसद सत्र के दरम्यान 15 से 20 दिसंबर के जर्मनी दौरे को लेकर उनकी आलोचना की तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री के लगातार होने वाली विदेश यात्राओं का उल्लेख करते हुए भाजपा पर पलटवार किया।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपना लगभग आधा काम का समय देश के बाहर बिताते हैं तो वे नेता प्रतिपक्ष पर सवाल क्यों उठा रहे हैं। जर्मनी दौरे को लेकर नेता विपक्ष को पर्यटन के नेता बताने संबंधी भाजपा के तंज पर प्रियंका ने यह जवाब दिया।
शीत सत्र 19 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की ओर से नेता विपक्ष के तौर पर राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा का आयोजन किया गया है। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा इस दौरे के प्रमुख सूत्रधार होंगे। जर्मनी में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख बलविंदर सिंह ने नेता विपक्ष के दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि सैम पित्रोदा भी इस दौरान उनके साथ होंगे।
जर्मनी में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों से संवाद और जर्मन सरकार के मंत्रियों से मेल-मुलाकात यात्रा का केंद्र बिंदु रहेगा। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस ब्रिटेन के प्रमुख विक्रम दोहन ने पार्टी चैप्टर के एक्स हैंडल पर कहा कि राहुल गांधी का जर्मनी दौरा भारत की वैश्विक भूमिका पर बातचीत करने के लिए एक अहम मंच होगा जहां जर्मन सांसदों और भारतीय डायस्पोरा के सदस्यों से विचारों के आदान-प्रदान का मौका मिलेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।