बिहार-बंगाल समेत अन्य राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयार NDA, एकजुट होकर विपक्ष का करेगा मुकाबला
एनडीए नेताओं ने बिहार असम बंगाल तमिलनाडु केरल और पुडुचेरी के आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर विपक्ष का मुकाबला करने की प्रतिबद्धता जताई है। साथ ही राजग नेताओं ने दिल्ली की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। इसके साथ ही राजग नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों में भी राजग के एकजुट होकर मजबूती से लड़ने पर जोर दिया।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राजग नेताओं ने बिहार, असम, बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के आगामी विधानसभा चुनावों में एकजुट होकर विपक्ष का मुकाबला करने की प्रतिबद्धता जताई है। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई राजग नेताओं की बैठक में एक मजबूत गठबंधन का भरोसा दिलाया गया।
महाराष्ट्र में शिव सेना और भाजपा के बीच टकराव नहीं
प्रधानमंत्री ने राजग के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को देश के विकास और लोक कल्याण के लिए काम करने को कहा। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ गर्मजोशी से बातचीत कर प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में शिव सेना और भाजपा के बीच टकराव की अटकलों पर विराम लगा दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सेल के प्रमुख अनिल बलूनी के अनुसार, राजग नेताओं ने दिल्ली की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। इसके साथ ही राजग नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनावों में भी राजग के एकजुट होकर मजबूती से लड़ने पर जोर दिया।
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी राजग के कई सांसदों ने किया प्रचार
ध्यान देने की बात है कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भी राजग के कई सांसदों, मंत्रियों और नेताओं ने अपने-अपने प्रभाव वाले इलाकों में भाजपा के लिए प्रचार किया था। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ-साथ भाजपा समेत राजग के सहयोगी दलों के कई नेता मौजूद थे।
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कही ये बात
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने साफ किया कि राजग के केंद्र और राज्य सरकारें विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ गरीबों, महिलाओं व पिछड़े वर्गों के कल्याण के लिए मजबूती से काम करती रहेंगी। सुशासन, विकास और लोक कल्याण के लिए समर्पित होकर काम करने के कारण ही जनता राजग की सरकारों पर बार-बार अपना भरोसा जताती रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए में मचे घमासान और गठबंधन के अस्तित्व पर ही उठ रहे सवालों के बीच राजग के नेताओं की एकजुटता अहम मानी जा रही है। जहां एक ओर लोकसभा चुनाव के बाद आइएनडीआइए की एक भी बैठक नहीं हुई है, वहीं राजग के घटक दलों के बीच समन्वय बनाए रखने के लिए लगातार बैठकें हो रही हैं।
25 दिसंबर को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजग नेताओं की बैठक हुई थी
हरियाणा और महाराष्ट्र में शपथ ग्रहण समारोह में भी राजग के घटक दलों के नेता एकजुट हुए थे। इसके अलावा 25 दिसंबर को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर राजग नेताओं की बैठक हुई थी। उसी बैठक में सभी राजग नेताओं ने दिल्ली के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर प्रचार करने का फैसला किया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।