यह जोजिला सुरंग का ब्रेकथ्रू नहीं, लद्दाख-कश्मीर के लिए इंतजार के युग का अंत है, उमर बोले- 'मौसम की बेड़ियां टूटीं'
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जोजिला सुरंग के ब्रेकथ्रू को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिससे लद्दाख और कश्मीर के बीच सालभर संपर्क का सपना पूरा होगा। यह सुर ...और पढ़ें
HighLights
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जोजिला सुरंग ब्रेकथ्रू को ऐतिहासिक बताया।
सुरंग से लद्दाख-कश्मीर के बीच सालभर संपर्क का सपना पूरा होगा।
यह लद्दाख के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी।
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को जोजिला सुरंग के ब्रेकथ्रू को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इससे लद्दाख के लोगों का जीवन बदलेगा और कश्मीर व केंद्र शासित प्रदेश के बीच सालभर संपर्क का लंबे समय से लंबित सपना पूरा होगा।
जोजिला सुरंग ब्रेकथ्रू समारोह को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने लद्दाख के लोगों को बधाई दी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व उनके मंत्रालय का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं लद्दाख के लोगों को बधाई देता हूं और गडकरी साहब व उनके विभाग को धन्यवाद देता हूं। अब हम उस मुकाम पर पहुंच गए हैं जहां कश्मीर और लद्दाख सही मायनों में सालभर जुड़े हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों से हर मौसम में संपर्क का सपना अधूरा था, जबकि यह क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा थी। “यह लोगों का बहुत पुराना सपना था, लेकिन अब तक कोई इसे हकीकत नहीं बना सका।” इस दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से अपील की कि वे कारगिल के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें।
उमर बोले- यह सुरंग बड़ा बदलाव लाएगी
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस सुरंग का महत्व वे लोग ही समझ सकते हैं जिन्होंने सर्दियों में जोजिला दर्रा बंद होने की मुश्किलें झेली हैं। “चाहे शिक्षा के लिए जाने वाले छात्र हों, इलाज के लिए मरीज हों या सर्दियों में सफर करने वाले परिवार— यह सुरंग उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी।”
खबरें और भी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बेहतर करेगी, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी और कश्मीर व लद्दाख के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा, एलएएचडीसी करगिल के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जफर अखून, लद्दाख के मुख्य सचिव, डीजीपी लद्दाख, एनएचआईडीसीएल, बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
13.15 किमी लंबी सुरंग के दोनों छोर जुड़े
यह ब्रेकथ्रू राष्ट्रीय राजमार्ग-1 पर कश्मीर के बालटाल और द्रास के मीनामार्ग के बीच निर्माणाधीन 13.15 किलोमीटर लंबी मुख्य सुरंग के दोनों छोरों को जोड़ता है। गडकरी ने मीनामार्ग के पास पूर्वी पोर्टल से रिमोट डिटोनेटर दबाकर भारत की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक में बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की।