पत्नी और सास की प्रताड़ना से तंग आकर फाइनेंसर ने निगला जहर, अमृतसर में पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमृतसर के मजीठा में फाइनेंसर गुरकीर्तन सिंह ने पत्नी और सास से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पत्नी और सास उसे प्रताड़ित कर रही थीं जिससे वह परेशान रहता था।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। मजीठा के गुर्जरपुरा इलाके में रहने वाले गुरकीर्तन सिंह ने पत्नी और सास से दुखी होकर जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। घटना के तुरंत बाद पत्नी किसी तरह अपने मायके भाग निकली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा स्वजनों के हवाले कर दिया है। उधर, एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम जालंधर रवाना की गई है। उन्होंने दावा किया है कि आरोपितों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
गरीब सिंह (70) की शिकायत पर उनके बेटे गुरकीर्तन सिंह द्वारा आत्महत्या को उकसाने के आरोप में जालंधर स्थित मकसूदां के पास रहने वाली सुपरीत कौर, उसकी मां सतीश कुमारी को नामजद कर लिया गया है। वृद्ध ने बताया कि उनके दो बेटे हैं।
छोटा बेटा गुरकीर्तन सिंह फाइनांस का कारोबार करता है। लगभग दो साल पहले उन्होंने अपने उक्त बेटे की शादी सुपरीत कौर के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही बहू ने अपनी मां के साथ मिलकर अपने रंग दिखाने शुरू कर दिए थे। घर में किसी ना किसी बात को लेकर विवाद रहता था।
गरीब सिंह ने आरोप लगाया कि सुपरीत कौर बेटे को खाना, चाय इत्यादि जैसी वस्तुएं भी तैयार करके नहीं देती थी। इस घड़ी में बहू की मां भी उसका सहयोग करती थी। इस कारण बेटा काफी परेशान रहने लगा था। 6 सितंबर की सुबह सुपरीत कौर को बेटे ने चाय बनाने के लिए कहा था।
इसके विपरीत सुपरीत ने पति गुरकीर्तन सिंह के साथ गाली गलौज किया। इसके बाद परेशान होकर बेटा खेतों में चला गया और वहां मोटर वाले कमरे के पास जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ देर बाद जब वह घटना स्थल पर पहुंचे तो बेटे को तड़पता हुआ देख अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां मंगलवार को उनके बेटे ने दम तोड़ दिया। परिवार ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाते हुए आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।