मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे IPS अफसर पूरन सिंह के घर, परिवार के सदस्यों से की मुलाकात
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आईपीएस पूरन कुमार सिंह के घर जाकर शोक व्यक्त किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली हों। कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए। हरियाणा सरकार ने रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजराणिया को हटा दिया, जिन पर पूरन कुमार को प्रताड़ित करने का आरोप है।
-1760192201717.webp)
मुख्यमंत्री भगवंत मान पहुंचे आईपीएस पूरन सिंह के घर
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को आईपीएस पूरन कुमार सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने यहां पहुंचकर उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इससे पहले अनिल विज ने भी पूरन के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की थी।
भगवंत मान ने मुलाकात के बाद कहा कि परिवार सदमे में है। माता-पिता बहुत सदमें में हैं। गरीबी से उठकर उन्होंने अपने बच्चों को पढ़ाया, यूपीएससी क्लीयर करवाया। उनके दुख को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। पत्नी पंजाब की बेटी है। वह घटना के समय हरियाणा के सीएम के साथ जापान दौरा पर थीं। मान ने कहा कि क्या ये कोई षडयंत्र है कि गरीबों को बड़ी कुर्सियों पर नहीं बैठने देना। यह दुखदायक है।
उन्होंने कहा कि इसके बारे में सोचना पड़ेगा। यह घटना समाज के मूंह पर तमाचा है। सीएम ने सिस्टम के काम पर सवाल उठाए। मान ने बताया कि परिवार ने उच्च अधिकारियों को चिट्ठी लिखी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने हरियाणा क सीएम और केंद्र सरकार से विनती की कि इस मामले को देखें। उन्होंने गर्वनर से भी हस्तक्षेप करने की मांग की है।
आईपीएस वाई पूरन कुमार के आत्महत्या मामले में हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने बड़ा बयान दिया है। सीएम ने कहा कि दोषी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, लेकिन बख्शा नहीं जाएगा। सीएम शनिवार को पंचकूला में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में बोल रहे थे।
इसके अलावा कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा भी पूरन सिंह के घर पर पहुंची। उन्होंने कहा कि 'यह समझ में नहीं आ रहा कि सरकार कैसे काम कर रही है। जब न्याय की बात होती है सिस्टम की बात होती है तो उसमें तो एक होना चाहिए।'
उन्होंने आगे कहा कि, परिवार मॉर्चरी में जाता है और उनके परिवार के मुखिया की बॉडी नहीं है वहां पर। पुलिस शव को ले गई। सैलजा ने कहा कि न्याय कब मिलेगा। सारे सबूत सामने हैं। सारा देश इंतजार कर रहा है। न केवल परिवार पूरा समाज प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक अफसर जिसने लोगों को इंसाफ दिया आज उसे इंसाफ नहीं मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले हरियाणा सरकार ने इस मामले में शनिवार को बड़ा एक्शन लिया। रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजराणिया को हटा दिया गया है। डीजीपी शत्रुजीत कपूर समेत जिन 14 अफसरों पर पूरन कुमार को प्रताड़ित करने के आरोप हैं उनमें बिजराणिया का भी नाम है। बिजराणिया की जगह रोहतक में आईपीएस सुरेंद्र सिंह भौरिया को एसपी लगाया गया है। इस संबंध में राज्यपाल की ओर से आदेश जारी किए गए। बिजारणिया को अभी कहीं भी पोस्टिंग नहीं दी गई है।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।