डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, यूटी प्रशासन के कर्मियों के बराबर मिलेगा अलाउंस
चंडीगढ़ प्रशासन ने डेपुटेशन कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब पंजाब, हरियाणा और हिमाचल सहित अन्य राज्यों से आए 2000 से अधिक कर्मचारियों को यूट ...और पढ़ें

डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलने वाले अलाउंस को लेकर निर्देश जारी
डा. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन ने वीरवार को एक अहम फैसला लेते हुए डेपुटेशन पर नियुक्त पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और अन्य राज्यों के कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलने वाले अलाउंस को लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। दो हजार से अधिक डेपुटेशन कर्मचारियों को अब यूटी प्रशासन में कार्यरत्त कर्मचारियों के बराबर ही अधिकतर अलाउंस मिलेंगे।
बीते लंबे समय से डेपुटेशन कर्मचारियों के अलाउंस का मामला चीफ सेक्रेटरी से लेकर यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के सामने उठ चुका था। डेपुटेशन कर्मचारियों की एसोसिएशन लगातार इस मामले को लेकर यूटी सचिवालय के चक्कर काट रही थी। आखिर प्रशासक के हस्तक्षेप के बाद डेपुटेशन कर्मचारियों को मिलने वाले सभी अलाउंस का मामला अब साफ कर दिया गया है।
वीरवार को यूटी प्रशासन के एडिशनल सेक्रेटरी पर्सोनल की तरफ से डेपुटेशन कर्मचारियों के अलाउंस से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि कर्मचारियों को नए नियमों के तहत अलाउंस जारी कर दिए जाएं।
यह सभी अलाउंस कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2022 से मिलेंगे। ऐसे में डेपुटेशन कर्मचारियों को औसतन 3 से 5 लाख रुपये तक एरियर के तौर पर जल्द मिल जाएंगे। मार्च से डेपुटेशन कर्मचारियों को नए अलाउंस मिलने की संभावना है।
अलाउंस को लेकर जारी नोटिफिकेशन में डेपुटेशन कर्मचारियों को एचआरए(हाउस अलाउंस),ट्रांसपोर्ट अलाउंस, ट्रेवलिंग अलाउंस, ट्रांसफर अलाउंस और चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस चंडीगढ़ के कर्मचारियों के बराबर ही मिलेगा। यूटी प्रशासन डेपुटेशन अलाउंस देने से पहले ही साफ इनकार कर चुका है। इस संबंध में हरियाणा सरकार की ओर से भी यूटी प्रशासन को निर्देश जारी हो चुके हैं।
पंजाब एंड हरियाणा इंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रणबीर जोरार ने डेपुटेशन कर्मचारियों को नियमों के तहत अलाउंस जारी करने पर आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा।
उधर, हरियाणा डेपुटेशन इंप्लाइज एसोसिएशन के महासचिव राजबीर नैन ने यूटी प्रशासन के इस फैसले को लेकर यूटी प्रशासक और अन्य अधिकारियों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि अलाउंस की मांग लंबे समय से लटकी हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।