चंडीगढ़ के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी, 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, इस बार ज्यादा दिन झेलनी पड़ेगी हीटवेव
चंडीगढ़ में मार्च में ही तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की कमी और ...और पढ़ें

सूर्य की किरणें सीधे जमीन को गर्म कर रही हैं, जिससे दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
जागरण संवाददता, चंडीगढ़। शहर में तापमान में तेजी से बढ़ोती हुई है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस साल गर्मी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
मार्च में गर्मी बढ़ने के पीछे मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ की कमी और लंबे समय से सूखा मौसम है। आमतौर पर फरवरी और मार्च में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और बादल छाए रहते हैं, जिससे तापमान नियंत्रित रहता है।
इस बार बारिश कम होने और आसमान साफ रहने के कारण सूर्य की किरणें सीधे जमीन को गर्म कर रही हैं, जिससे दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस वर्ष हीटवेव (लू) के दिनों की संख्या भी बढ़ सकती है। सामान्य तौर पर उत्तर-पश्चिम भारत में 5–6 दिन लू चलती है, लेकिन इस बार यह संख्या 10–12 दिनों तक पहुंच सकती है।
आने वाले 10 दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। इस दौरान अधिकांश दिनों में मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना फिलहाल बहुत कम बताई जा रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता है तो तापमान में कुछ समय के लिए गिरावट आ सकती है। हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मार्च और अप्रैल में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने के संकेत मिल रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।