दिन में धूप और रात में कंपकंपाती ठंड, फरवरी अब तक रहा सबसे ठंडा, चंडीगढ़ में टूटा 10 वर्ष का रिकाॅर्ड
चंडीगढ़ में इस साल फरवरी का महीना पिछले 10 वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा है। दिन में धूप के ...और पढ़ें

सूरज ढलते ही तापमान तेजी से गिर रहा है और रात को ठंड का असर बढ़ जा रहा।
मोहित पांडे्य, चंडीगढ़। इस वर्ष फरवरी का महीना मौसम के लिहाज से रिकाॅर्ड तोड़ रहा है। बीते 10 वर्षों की तुलना में अब तक का सबसे ठंडा महीना दर्ज किया गया है। रविवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक दशक में फरवरी के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इतनी गिरावट पहले कभी दर्ज नहीं की गई। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2015 में फरवरी के दौरान अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
2025 में फरवरी का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके विपरीत इस वर्ष तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। यही वजह है कि फरवरी के पहले सप्ताह में ही ठंड ने लोगों को जनवरी जैसी अनुभूति करा दी है।
बीते कई दिनों से शहर में तेज धूप निकल रही है, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि सूरज ढलते ही तापमान तेजी से गिर रहा है और रात के समय ठंड का असर बढ़ जा रहा है।
सुबह और शाम की ठंड के कारण लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर असर और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सुबह और शाम ठंड बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य से नीचे ही रहने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के मध्य तक मौसम में यही उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सतर्क रहने की दी सलाह
मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डाॅक्टरों का कहना है कि दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।
पिछले वर्षों में फरवरी का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
वर्ष तापमान (तारीख)
2015 27.7 (07 फरवरी)
2016 28.9 (27 फरवरी)
2017 28.7 (21 फरवरी)
2018 29.5 (24 फरवरी)
2019 25.5 (22 फरवरी)
2020 26.4 (21 फरवरी)
2021 36.5 (31 फरवरी)
2022 26.0 (22 फरवरी)
2023 29.5 (21 फरवरी)
2024 25.0 (27 फरवरी)
2025 28.9 (27 फरवरी)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।