चंडीगढ़ में पीयू के इलेक्ट्रिशियन और एक किशोरी ने फंदा लगाकर दी जान, दो घटनाओं से धनास में फैली सनसनी
चंडीगढ़ के धनास क्षेत्र में एक युवक और किशोरी ने अलग-अलग स्थानों पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। 29 वर्षीय युवक पंजाब यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रिशियन था और मानसिक रूप से परेशान था। दूसरी घटना में 16 वर्षीय किशोरी ने अपने घर में फंदा लगाया। उस समय उसके माता-पिता काम पर गए थे। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

युवक और किशोरी के फंदा लगाने के कारणों का पता लगा रही पुलिस।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। धनास क्षेत्र में मंगलवार शाम को एक युवक और किशोरी के फंदा लगाने से सनसनी फैल गई। घटना अलग-अलग स्थानों पर हुईं। पहली घटना लाला वाला पीर के नजदीक मकान नंबर-11ए में हुई। यहां 29 वर्षीय सूरज फंदे पर लटका मिला, जोकि पंजाब यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। शाम करीब 5 बजे जब उसका भाई काम से घर लौटा तो सूरज को फंदे से लटका हुआ पाया। परिजनों के अनुसार सूरज कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। सोमवार रात भी जब उसके भाई ने उससे पूछा कि क्या बात है तो उसने सब कुछ ठीक बताया और कुछ नहीं कहा।
दूसरी घटना धनास के स्माल फ्लैट नंबर-1380ए की है। 16 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने बताया कि शाम करीब 5 बजे कुछ बच्चे किशोरी को खेलने के लिए बुलाने पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर उन्होंने झरोखे से देखा तो किशोरी फंदे से लटकी हुई थी। तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। घटना के समय मृतका के माता-पिता काम पर गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस अब दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।