ट्राईसिटी में कड़ाके की ठंड से राहत, तापमान 22 डिग्री तक चढ़ा, 19 से 23 के बीच हल्की वर्षा के आसार
कड़ाके की ठंड से राहत के बाद ट्राईसिटी में 19 से 23 जनवरी के बीच हल्की बारिश की संभावना है। धूप निकलने से तापमान सामान्य हुआ है, अधिकतम 22 डिग्री सेल् ...और पढ़ें

धूप निकलने पर सुखना लेक पर बढ़ी पर्यटकों की संख्या। बोटिंग करते भी नजर आए।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) में रहने वाले लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। अब 19 से 23 जनवरी के बीच हल्की वर्षा के आसार हैं। शनिवार को दिनभर खिली धूप और हल्के बादलों की आवाजाही से ठंड की तीव्रता कम महसूस की गई।
बीते कई दिनों से खिल रही धूप के कारण अब तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है।
मौसम सुहावना रहने के कारण शहर के पार्कों और पर्यटन स्थलों पर लोगों की चहल-पहल देखने को मिली। लोग धूप का आनंद लेते नजर आए। सुखना लेक पर बोटिंग करने वालों की संख्या भी बढ़ी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार संभावित हल्की वर्षा से ठंड में आंशिक कमी आ सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वर्षा के बाद न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन शीतलहर जैसी स्थिति बनने की संभावना कम है। वहीं, वर्षा से हवा में नमी बढ़ने के कारण सुबह के समय कोहरे की तीव्रता कुछ हद तक बढ़ सकती है। हालांकि अब कोहरा लंबे समय तक टिकने वाला नहीं होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।