पंजाब-हिमाचल के लिए 25 ट्रक राहत सामग्री भेज अपनों का दुख बांटने निकले CM नायब सैनी, बोले- हर किसानों की होगी भरपाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ पीड़ितों के लिए 25 ट्रक राहत सामग्री भेजी। उन्होंने अंबाला कुरुक्षेत्र और फतेहाबाद के बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पड़ोसी धर्म निभाते हुए प्रभावित राज्यों की मदद कर रही है। ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंचकूला में माता मनसा देवी की पूजा अर्चना करने के बाद बाढ़ प्रभावित राज्यों पंजाब व हिमाचल प्रदेश के लिए 25 ट्रक राहत सामग्री के रवाना किए। राज्य के पूर्व मंत्री असीम गोयल, पूर्व विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता और हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इन ट्रकों को रवाना किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी राज्य मंत्री असीम गोयल के साथ हरियाणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने निकल गए। उन्होंने अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अब तक ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर एक लाख 69 हजार 738 किसानों ने नौ लाख 96 हजार 701 एकड़ क्षेत्र में फसल खराब होने की जानकारी देते हुए मुआवजे के लिए अपना पंजीकरण कराया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में कहा कि हरियाणा के जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य निरंतर चल रहे हैं। वे स्वयं हर जिले से इसकी रिपोर्ट ले रहे हैं। हरियाणा सरकार ने अपना पड़ोसी धर्म निभाते हुए बाढ प्रभावित पंजाब व हिमाचल प्रदेश के लिए भी सहायता सामग्री भेजी है।
15 ट्रक पंजाब के लिए और 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों की मदद करना हमारा दायित्व है। पड़ोसी राज्य पंजाब के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी प्राकृतिक आपदा से काफी नुकसान हुआ है। कई जगह गांव के गांव प्रभावित हुए हैं और लोगों के साथ-साथ पशु धन भी इसकी चपेट में आया है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि लोगों को राहत पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार के साथ-साथ हमारी पार्टी भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पंहुचा रही है। प्रतिदिन हरियाणा से पंजाब के बाढ प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री के ट्रक भेजे जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार ‘सेवा ही संगठन’ की भावना से कार्य करते हुए सरकार पार्टी के साथ मिलकर प्राकृतिक आपदा में लोगों को राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत से राहत सामग्री रवाना की है।
मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश में निचले इलाकों में जल भरा हुआ है। हमने जलभराव से ग्रस्त क्षेत्रों में तुरंत राहत के लिए प्राथमिकताएं तय की हैं। प्रभावित लोग ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपने नुकसान का पंजीकरण करवा रहे हैं। बरसात में कुछ घरों की छतें गिरने से जानमाल की हानि हुई है।
ऐसे परिवारों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इसके अलावा घायलों को भी आर्थिक सहायता दी गई है। नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा की ओर से पंजाब को निरंतर राहत सामग्री भेजी जा रही है। इसके लिए हमने पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा था।
हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आपदा ग्रस्त हिमाचल को राहत सामग्री भेजने के लिए हरियाणा सरकार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि हरियाणा की ओर से भेजे जा रहे 10 ट्रकों के माध्यम से चंबा जिले के प्रत्येक प्रभावित परिवार को राहत सामग्री वितरित की जाएगी।
हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार हर प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है। कार्यक्रम में कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय मितल, बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया शामिल हुए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।