Punjab News: राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मिले हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष, पंजाब में गरमाई सियासत
हरियाणा को अलग विधानसभा बनाने के लिए जमीन के मुद्दे पर स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से शनिवार को मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद पंजाब में राजनीति गरमा गई है।

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता शनिवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मिले। उन्होंने चंडीगढ़ में हरियाणा को एक अलग विधानसभा भवन बनाने के लिए जमीन के शीघ्र आवंटन का अनुरोध किया। इसको लेकर पंजाब में सियासत गरमा गई है।
शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने इसको लेकर कहा है कि यदि हरियाणा को अलग से जमीन दी गई तो पंजाबी आंदोलन करेंगे। आज यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब मे गर्वनर से इस मुददे की संवेदशनशीलता पर विचार करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पर पंजाब का अधिकार है, और इसकी केंद्र सरकार द्वारा पुष्टि की गई है। संसद में भी इसे स्वीकार किया गया है। उन्होने कहा, ‘‘पंजाब ने राजधानी शहर के निर्माण के लिए जमीन दी और उसे आश्वासन दिया गया था कि हरियाणा द्वारा अपनी राजधानी स्थापित करने के बाद दस साल के समय में चंडीगढ़ शहर को पंजाब में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।''
मजीठिया ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष के साथ साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनके अनुरोध पर पुनर्विचार करने के लिए कहते हुए कहा कि चंडीगढ़ में हरियाणा के लिए चंडीगढ़ में अलग विधानसभा की मांग से लोगों का आक्रोश भड़केगा और माहौल खराब हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि जहां तक अकाली दल का संबंध है वह हरियाणा को कोई जमीन आवंटित नहीं होने देगा और इसे टालने के लिए लगातार आंदोलन करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की इस मुददे पर राज्य के हितों की रक्षा करने में विफल रहने के लिए निंदा करते हुए कहा कि जैसा कि सतलुज यमुना नहर(एसवाइएल) के मामले में हुआ था, जिसमें उन्होंने आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पंजाब से पानी हरियाणा में बहने की अनुमति देने पर सहमति जताई थी।
विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने हरियाणा सरकार द्वारा विधानसभा के लिए चंडीगढ़ में जगह की मांग करने का विरोध करते हुए कहा कि चंडीगढ़ और पानी पर पंजाब का हक है। पंजाबी अपना हक नहीं छोड़ेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो पंजाबी आंदोलन भी करेंगे।
जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह
हरियाणा विधानसभा के प्रस्तावित नए भवन को लेकर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात कर जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है। चंडीगढ़ में मध्य मार्ग और रेलवे स्टेशन के बीच की 10 एकड़ जमीन के बदले प्रदेश सरकार ने माता मनसा देवी कांप्लेक्स में 10 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव दिया है। मुलाकात में पुरोहित ने विधानसभा अध्यक्ष को जल्द इस मामले में ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कई अन्य मुद्दों पर भी बातचीत हुई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।