मोहाली में गुरसेव हत्याकांड में 12 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, 18 नामजद में से छह अभी फरार
मोहाली में गुरसेव सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने 12 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है, जबकि 6 आरोपित अभी भी फरार हैं। मंदिर के बाहर बाइक रे ...और पढ़ें

गंभीर धाराओं के तहत चालान दाखिल किया गया।
HighLights
मंदिर के बाहर बाइक रेसिंग विवाद से शुरू हुआ मामला।
शिवरात्रि के दिन हमलावरों ने तेजधार हथियारों से ली थी जान।
वारदात में इस्तेमाल किरच, दो बाइकें की जा चुकी बरामद।
जागरण संवाददाता, मोहाली। फेज-11 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाहर हुए चर्चित गुरसेव सिंह हत्याकांड में मोहाली पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चार्जशीट पेश कर दी है। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 12 आरोपितों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं के तहत चालान दाखिल किया है। मामले में कुल 18 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से छह की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
पुलिस जांच के अनुसार, गुरसेव सिंह शिवरात्रि के दिन अपने दोस्तों के साथ एक मित्र का जन्मदिन मनाने से पहले लक्ष्मी नारायण मंदिर में माथा टेकने पहुंचा था। मंदिर से बाहर निकलते समय उसकी नजर वहां तेज रफ्तार से मोटरसाइकिलें दौड़ा रहे युवकों पर पड़ी।
गुरसेव सिंह ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर रेस लगाने और शोर-शराबा करने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवकों ने धारदार हथियार से गुरसेव सिंह पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था और पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर मामले की पड़ताल शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर कई लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपितों में शाम सुंदर ठाकुर, तेजबीर, गौरव और राकेश सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक किरच बरामद करने के साथ एक स्प्लेंडर और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कुल 18 आरोपितों को नामजद किया गया था। इनमें से 12 को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि फरार चल रहे छह अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।