Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Flood: पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ग्रस्त घोषित, आज भी भारी वर्षा का रेड अलर्ट

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 11:01 PM (IST)

    पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है सरकार ने सभी जिलों को बाढ़ग्रस्त घोषित कर दिया है। भाखड़ा बांध का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है जिससे पानी छोड़ा जा रहा है। सतलुज के किनारे बसे जिलों में स्थिति गंभीर है। बाढ़ से मरने वालों की संख्या 30 हो गई है और लाखों लोग प्रभावित हैं फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।

    Hero Image
    Punjab Flood: पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ग्रस्त घोषित। फोटो जागऱण

    जागरण टीम, जालंधर। पंजाब में बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है। मंगलवार को सरकार ने सभी 23 जिलों को बाढ़ग्रस्त घोषित कर दिया। भाखड़ा बांध का जलस्तर 1,677 फीट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ तीन फीट कम है। फ्लड गेट सात फीट तक खोल दिए गए हैं और लगभग 50,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अधिकारियों के अनुसार, यह कदम मजबूरी में उठाया गया है। नंगल हाइडल चैनल और श्री आनंदपुर साहिब हाइडल चैनल में दरारें आने के कारण भाखड़ा बांध से छोड़ा गया पानी अब नंगल डैम से सीधे सतलुज दरिया में जा रहा है। इससे सतलुज के किनारे बसे जिलों रोपड़, लुधियाना, जालंधर के फिल्लौर, कपूरथला, तरनतारन, फाजिल्का और फिरोजपुर में स्थिति गंभीर हो गई है।

    मंगलवार को जालंधर व कपूरथला सहित कई जिलों में लगातार वर्षा होती रही। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। बाढ़ से मरने वालों की गिनती अब 30 हो गई है।

    हरिके पत्तन हेड वर्क्स पर तीन लाख पांच हजार क्यूसेक पानी छोड़ने के बाद प्रशासन ने तरनतारन को हाई फ्लड एरिया घोषित कर दिया है। 55 गांवों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। सेना की मदद लेने की भी तैयारी कर ली गई है।

    गुरुद्वारों से ग्रामीणों को ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। सरकार की ओर से जारी बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य में 1400 गांवों के 3.54 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। 1.48 लाख हेक्टेयर में फसल फसल बर्बाद हो गई है। सबसे ज्यादा गुरदासपुर में 40 हजार, अमृतसर में 23 हजार, मानसा में 27 हजार और फिरोजपुर में 14 हजार खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। राहत व बचाव कार्य भी तेजी से चल रहा है।

    अब तक 19,597 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट की 20 टीमों के अलावा एयर फोर्स, नेवी, सेना व बीएसफ के जवान भी बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। गुरदासपुर में एक सप्ताह बाद हालात सामान्य होने लगे हैं।

    पठानकोट में बाढ़ से प्रभावित रेलवे पुल की मरम्मत का कार्य जारी है, लेकिन जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पुल की मरम्मत अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। अमृतसर के गांव सठियाला में कमरे की छत गिरने से 11 वर्षीय लड़की रमन कौर व बुजुर्ग महिला प्रवीण की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

    मान बोले- केंद्र पंजाब को उसका हक दे

    मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिरोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पंजाब को उसका हक दिया जाए। प्रदेश में बाढ़ के कारण हुए नुकसान के लिए मुआवजे के मानकों में संशोधन किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आपदा राहत कोष में पर्याप्त फंड हैं, लेकिन गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत मौजूदा मानक किसानों, पशुपालकों और अन्य वर्गों को हुए नुकसान के अनुरूप मुआवजा देने के लिए नाकाफी हैं।

    गांव टेंडीवाला में महिला की आंखों में आंसू देखकर भावुक हो गए। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया फिरोजपुर के गांव बारेके में बनाए गए राहत शिविर में पहुंचे और लोगों से बातचीत की। वह राहत शिविर में लोगों को दी जा रही सुविधा से संतुष्ट दिखे।

    हाईकोर्ट ने कहा- सरकार जबाव देने में उलझ जाएगी

    उधर, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर हरियाणा और पंजाब में बाढ़ प्रबंधन पर कोई आदेश पारित करने से इन्कार कर दिया है। याचिका दोनों राज्यों को बाढ़ पीड़ितों को भोजन, पेयजल, स्वच्छता, आश्रय, प्रकाश, चिकित्सा देखभाल आदि सहित राहत और पुनर्वास के न्यूनतम मानक तत्काल प्रदान करने के निर्देश देने की मांग की गई है।

    चीफ जस्टिस शील नागू और जस्टिस यशवीर सिंह राठौर की खंडपीठ ने मौखिक टिप्पणी की कि जैसे ही हम कोई आदेश पारित करेंगे, सरकार मदद करने से हटकर जवाब दाखिल करने में उलझ जाएगी। इसलिए प्रभावितों की मदद करने दीजिए।

    जम्मू- पठानकोट रेल लाइन पर दो ट्रेनों का संचालन शुरू बाढ़ से प्रभावित जम्मू- पठानकोट रेल लाइन पर दो ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू गया है। अधिकारियों के अनुसार एक ट्रेन संपर्क क्रांति दिल्ली और दूसरी सियालदह कोलकाता तक चल रही है। सोमवार को केवल एक ट्रेन का संचालन किया गया था। खराब पुलों की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है ताकि रेल लाइन को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।

    comedy show banner