Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'हम भारत का हिस्सा नहीं लगते...', ऐसे क्यों बोले सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह

    Updated: Fri, 14 Nov 2025 02:41 PM (IST)

    पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कांग्रेस नेता सुखपाल खैरा ने केंद्र सरकार पर साजिश का आरोप लगाया है। दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने कहा कि पंजाब के साथ उपेक्षा का व्यवहार हो रहा है और ऐसा लग रहा है जैसे वे भारत का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने पीयू को पंजाब की अस्मिता का प्रतीक बताया।

    Hero Image

    पंजाब यूनिवर्सिटी चुनाव: सिद्धू मूसेवाला के पिता ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना।

    जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव करवाने की घोषणा को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन यह प्रदर्शन तेज होते जा रहा है। इसके साथ यह विवाद पूरी तरह से राजनीतिक रूप ले चुका है। हर दिन बड़ी संख्या में छात्रों से लेकर राजनीतिक दलों के दिग्गज पीयू बचाओ मोर्चा का साथ देने के लिए पहुंचे रहे है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वीरवार को मोर्चा का साथ देने के लिए पहुंचे कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा कहा कि यह केंद्र सरकार की साजिश है, जिसने विद्या की परंपरा को बाधित किया है। पंजाब की पहचान और सभ्यता से 133 साल पुरानी यह यूनिवर्सिटी गहराई से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि खुद सरकार ने यह स्वीकार किया था कि 28 अक्टूबर को जारी की गई अधिसूचना गलत थी।

    हालांकि, केंद्र सरकार ने बाद में सीनेट को पहले जैसे बहाल रखने का निर्णय लिया। इसके बाद पीयू प्रशासन की ओर से चांसलर को फाइल भेजे दी है, लेकिन फाइल भेजे जाने के बावजूद भी नया नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब केंद्र की सोची-समझी योजना का हिस्सा है, जो राज्यों के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। खैरा ने कहा कि नई शिक्षा नीति अल्पसंख्यक राज्यों के हित में नहीं है और पंजाब सरकार को इसके खिलाफ ठोस रुख अपनाना चाहिए।

    वहीं, पंजाब के पूर्व मंत्री ने सरदार गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा कि यह सिर्फ पंजाब यूनिवर्सिटी का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब का मुद्दा है। हमें सभी को पार्टी लाइन से ऊपर उठकर इस मोर्चे का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले तो सीनेट सदस्यों की संख्या घटाने की नोटिफिकेशन जारी की गई, फिर दबाव में उसे वापस ले लिया गया, लेकिन अब तक कोई नया नोटिफिकेशन नहीं आया है।

    पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले 11 साल से पीयू की स्वायत्तता और पंजाब के हक की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार की मंशा साफ है, संघ से जुड़े लोगों को कुलपति बनाकर विश्वविद्यालय पर कब्जा जमाने की कोशिश की जा रही है।

    मूसेवाला के पिता बोले- केंद्र पंजाब की पहचान पर कर रहा हमला

    दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी वीरवार को मोर्चा का समर्थन करने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि दस तारीख को हुए महा प्रदर्शन के बाद माहौल सकारात्मक होता दिखाई दे रहा है, पर संघर्ष अभी जारी है। केंद्र सरकार सिर्फ पंजाब यूनिवर्सिटी ही नहीं, बल्कि बीबीएमबी समेत कई संस्थानों पर हमला कर रही है।

    हमें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे हम भारत का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए पंजाब ने हमेशा अपना सर्वस्व न्योछावर किया है, फिर भी पंजाब के साथ उपेक्षा का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि पीयू सिर्फ एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि पंजाब की अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है, जिसकी रक्षा हर पंजाबी का फर्ज है।