Gurdaspur: गाली-गलौज करने से रोकने पर जानलेवा हमला, तीन बुरी तरह से जख्मी, FIR दर्ज
गुरदासपुर के कलानौर कस्बे में गाली-गलौज करने से रोकने पर तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने मामले में छह आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

गुरदासपुर, जागरण संवाददाता। कस्बा कलानौर में गली में गाली-गलौज करने से रोकने पर छह आरोपितों ने दस्ती हथियारों के साथ हमला कर तीन को जख्मी कर दिया। थाना कलानौर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
जसवंत लाल पुत्र मुंशी राम निवासी कलानौर ने बताया कि वह रात करीब 8.30 बजे अपने घर में मौजूद था। इस दौरान गली से शोर की आवाज सुनकर वह बाहर निकला तो देखा कि आरोपित उसके बेटे अशोक कुमार के साथ गाली गलौज कर रहे थे। उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका और अपने घर आ गया।
इस दौरान आरोपित उसके घर में घुस आए और दस्ती हथियारों से हमला कर उसे, उसके बेटे अशोक कुमार व बहु सुदेश रानी को जख्मी कर दिया। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
पुरानी रंजिश का है मामला
पुलिस ने आरोपित धर्मपाल, रानी, मनजीत कुमार, रमन कुमार, रमनदीप कौर और सुखराज निवासी कलानौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले के जांच अधिकारी एएसआइ वैष्णो दास ने बताया कि दोनों गुटों में पशुओं की हवेली को लेकर घरेलू झगड़ा चल रहा है। पुलिस ने धर्मपाल के बयान पर भी क्रॉस पर्चा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गालियां निकालने की शिकायत पर कर दिया हमला
गुरदासपुर के गांव भून में गालियां निकालने की शिकायत करने की रंजिश में तीन लोगों ने हमला कर तीन को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। थाना दीनानगर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
सन्नी कुमार पुत्र महेंद्र पाल निवासी भून ने बताया कि आरोपित रमन कुमार ने उसे फोन पर गालियां निकाली थीं। इस बारे में उसने अपनी मां बेबी को बताया। उसकी मां आरोपितों के घर शिकायत करने गई थी। इसके बाद वह, उसकी मां और भाई डैनी सरपंच के घर से लौट रहे थे तो आरोपितों ने रास्ते में दस्ती हथियारों से हमला कर तीनों को जख्मी कर दिया।
सभी को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गुरदासपुर में दाखिल कराया गया है। जांच अधिकारी एएसआइ जगजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।